उत्तराखंड डेली न्यूज:ब्योरो
पौड़ी। विकासखंड कोट में शनिवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया। शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याएं भी सुनी गईं। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर में पहुंचकर विभागीय अधिकारियों के समक्ष अपनी शिकायतें और मांगें रखीं।प्रभारी मंत्री ने कहा कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से आपसी समन्वय के साथ गांवों की जरूरत के अनुसार विकास कार्य कराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ उनके घर के नजदीक मिल रहा है और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान भी किया जा रहा है।विधायक राजकुमार पोरी ने सेवा संकल्प अभियान को सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है और विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। शिविर में अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया, पात्रता और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी दी।इस दौरान कृषि विभाग ने लाभार्थियों को फार्म मशीनरी बैंक, जियोलाइन टैंक और नैपसेक स्प्रे वितरित किए। ग्रामोत्थान परियोजना के तहत छह लाभार्थियों को चेक और दो लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट भी प्रदान की गईं। विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों पर ग्रामीणों ने स्वास्थ्य, कृषि, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, राजस्व और अन्य विभागों से संबंधित जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
