
उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
कुंभ-2027 की तैयारियों को लेकर हरिद्वार में सड़क मरम्मत और घाटों के सौंदर्यीकरण का काम तेज हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जिला प्रशासन निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के लिए लगातार निगरानी कर रहा है। इसी कड़ी में शनिवार देर रात जिलाधिकारी मयूर दीक्षित विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे निर्माण, पेंटिंग और सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लेने धरातल पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति देखी और दीपावली से पहले हरकी पैड़ी क्षेत्र के मंदिरों और घाटों का सौंदर्यीकरण पूरा करने के निर्देश दिए।चंडी घाट चौक से गुरुकुल कांगड़ी हाईवे तक निरीक्षण,जिलाधिकारी ने चंडी घाट चौक से शंकराचार्य चौक, प्रेम नगर चौक, सिंह द्वार, गुरुकुल कांगड़ी हाईवे और हरकी पैड़ी क्षेत्र में चल रहे निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित,अधिकारियों से कार्यों की वर्तमान स्थिति और उन्हें पूरा करने के लिए निर्धारित समयसीमा की जानकारी ली।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कुंभ मेले के दृष्टिगत चल रहे कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित विभाग और कार्यदायी संस्थाएं आपसी समन्वय के साथ काम करें, ताकि निर्धारित समयसीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरे किए जा सकें।
सड़कों के डामरीकरण में गुणवत्ता पर जोर
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए किए जा रहे डामरीकरण कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण और मरम्मत के दौरान निर्धारित मानकों का पालन किया जाए। केवल काम पूरा करना ही नहीं, बल्कि उसकी गुणवत्ता सुनिश्चित करना भी जरूरी है।उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सड़कें बेहतर होने से स्थानीय लोगों के साथ ही हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी। इसलिए निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता दोनों का विशेष ध्यान रखा जाए।
हरकी पैड़ी के मंदिरों और घाटों का सौंदर्यीकरण दीपावली से पहले पूरा करने के निर्देश
हरकी पैड़ी क्षेत्र में चल रहे मंदिरों, घाटों और पुलों के सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लेते हुए जिलाधिकारी ने दीपावली से पहले सभी संबंधित कार्य हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हरिद्वार की धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता को देखते हुए इस क्षेत्र के सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता दी जाए।जिलाधिकारी ने कार्यों की गति बढ़ाने के लिए संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जहां जरूरत हो, वहां अतिरिक्त श्रमिक और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, ताकि काम में तेजी लाई जा सके।
रात में चल रहे कार्यों की भी होगी निगरानी
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को रात के समय संचालित निर्माण कार्यों की प्रभावी निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ-2027 से जुड़े विकास कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए नियमित समीक्षा और विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क मरम्मत, डामरीकरण और घाटों के सौंदर्यीकरण सहित सभी कार्य मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं। जिला प्रशासन इन कार्यों की प्रगति पर लगातार नजर रखेगा।निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, राष्ट्रीय राजमार्ग के डिप्टी मैनेजर प्रज्वल, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित संबंधित संस्थाओं के अधिकारी और ठेकेदार मौजूद रहे।

