
उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
वन स्वीकृति और तकनीकी अड़चनों को दूर करने के लिए विभागों में समन्वय के निर्देश, सभी सड़कों की अद्यतन स्थिति तलबजनपद में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत निर्माणाधीन और लंबित सड़कों के कार्यों में तेजी लाने के लिए जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी पूर्ण, निर्माणाधीन, प्रस्तावित और लंबित सड़कों की अद्यतन सूची उपलब्ध कराने के साथ ही निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं को समयबद्ध ढंग से दूर करने पर जोर दिया।गुरुवार को विकास भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने पीएमजीएसवाई के जखोली और रुद्रप्रयाग खंडों के अंतर्गत संचालित सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान मानसून में क्षतिग्रस्त सड़कों के साथ ही निर्माणाधीन और प्रस्तावित सड़कों की स्थिति पर भी चर्चा की गई।
हर सड़क की स्थिति का देना होगा ब्योरा
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को पीएमजीएसवाई के फेज-1 से फेज-4 तक की सभी सड़कों का अद्यतन विवरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सड़क की वर्तमान स्थिति, निर्माण कार्य पूर्ण होने की स्थिति और लंबित रहने के कारणों का स्पष्ट उल्लेख किया जाए, ताकि विकास कार्यों की प्रभावी निगरानी की जा सके।
वन स्वीकृति और तकनीकी बाधाएं दूर करने पर जोर
डीएम ने लोक निर्माण विभाग से पीएमजीएसवाई को हस्तांतरित तथा पीएमजीएसवाई से लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित सड़कों का विवरण भी उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने वन विभाग की अनापत्ति नहीं मिलने, वन भूमि संबंधी प्रकरणों और अन्य तकनीकी कारणों से अटकी सड़कों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए। कहा कि संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर इन बाधाओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए, ताकि सड़क निर्माण कार्यों को आगे बढ़ाया जा सके।
गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की हिदायत
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों की प्रगति की नियमित निगरानी की जाए और लंबित प्रकरणों के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।बैठक में पीएमजीएसवाई के जखोली एवं रुद्रप्रयाग खंडों के अधिशासी अभियंताओं ने जनपद में योजना के अंतर्गत आने वाली सड़कों की अद्यतन स्थिति से जिलाधिकारी को अवगत कराया।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई जखोली पवन कुमार, अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई रुद्रप्रयाग योगेश कोटियाल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

