
उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
नई दिल्ली, उत्तराखंड की प्रसिद्ध लोक गायिका हेमा नेगी करासी को कला एवं लोक कला के संरक्षण में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘अमेजिंग इंडिया अवार्ड’ से सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली में आयोजित एक विशेष समारोह में अडानी ग्रुप द्वारा प्रस्तुत यह सम्मान उन्हें प्रदान किया गया। राष्ट्रीय स्तर पर मिले इस सम्मान से न केवल प्रदेश का मान बढ़ा है, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति को भी एक नई पहचान मिली है।पुरस्कार ग्रहण करने के बाद लोक गायिका हेमा नेगी करासी ने कहा कि वह लोकगीतों और पारंपरिक विधाओं के जरिए देश-विदेश में उत्तराखंड की अमूल्य सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उनका मुख्य उद्देश्य आज की युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों, बोली-भाषा और परंपराओं से जोड़ना है।उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय संपूर्ण देवभूमि को देते हुए कहा, “यह सम्मान केवल मेरा व्यक्तिगत सम्मान नहीं है, बल्कि यह देवभूमि उत्तराखंड की महान लोक संस्कृति, हमारे पारंपरिक वाद्य यंत्रों और उन तमाम कलाकारों व गुणीजनों का सम्मान है, जो दिन-रात हमारी लोक विरासत को सहेजने और आगे बढ़ाने में जुटे हुए हैं।”गौरतलब है कि हेमा नेगी करासी लंबे समय से उत्तराखंडी लोक संगीत, पारंपरिक गीतों और वाद्य यंत्रों के संरक्षण व प्रचार-प्रसार के लिए जमीनी स्तर पर कार्य कर रही हैं। राष्ट्रीय मंच पर मिले इस सम्मान के लिए प्रदेश के अनेक सांस्कृतिक संगठनों और गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

