उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
देर रात 22:59 बजे कंट्रोल रूम गोपेश्वर से सूचना प्राप्त हुई कि मंडल-चोपता रोड पर हरियाली के पास मुख्य मार्ग पर दो विशालकाय पेड़ गिरने से यातायात बाधित हो गया है। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन गोपेश्वर की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि दोनों विशालकाय पेड़ों की चपेट में आने से एक ढाबा भी क्षतिग्रस्त हो गया था। पेड़ सड़क पर गिरने के साथ ही एक हिस्सा ऊंचाई पर लटका हुआ था, जिससे राहत कार्य चुनौतीपूर्ण था। फायर यूनिट ने वुडन कटर की सहायता से पेड़ों को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटना शुरू किया। ऊंचाई पर लटके पेड़ के हिस्सों को जेसीबी के ऊपर चढ़कर सावधानीपूर्वक काटा गया और पेड़ों को सड़क किनारे हटाया गया।मूसलाधार बारिश के बीच फायर यूनिट की त्वरित कार्रवाई से बाधित सड़क मार्ग को वाहनों एवं श्रद्धालुओं के आवागमन हेतु पूर्ण रूप से खोल दिया गया। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान फायर कर्मियों की तत्परता और साहस की स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की। घटना में एक ढाबा क्षतिग्रस्त हुआ है, अन्य किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। राहत कार्य पूर्ण होने के बाद फायर यूनिट द्वारा घटना की जानकारी कंट्रोल रूम गोपेश्वर को दी गई।
