उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
पारंपरिक वेशभूषा में सजे छात्र-छात्राओं ने पेश की नंदा राजजात की जीवंत झांकी
झांकी प्रतियोगिता में जीजीआईसी अल्मोड़ा प्रथम, ग्रीन फील्ड दूसरे स्थान पर रहा
अल्मोड़ा। ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा में मंगलवार को मां नंदादेवी मेले का भव्य आगाज हो गया। मेले के शुभारंभ अवसर पर नगर में पारंपरिक परिधानों और लोक-संस्कृति से सराबोर एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई।जीजीआईसी ड्योढ़ीपोखर से शुरू हुई यह शोभायात्रा पल्टन बाजार और नगर के मुख्य बाजारों का भ्रमण करते हुए ऐतिहासिक नंदादेवी मंदिर परिसर पहुंची। रास्ते भर श्रद्धालुओं और नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का जोरदार स्वागत किया। पूरी यात्रा के दौरान नगर मां नंदा के जयकारों से गुंजायमान रहा।शोभायात्रा में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्तराखंड की समृद्ध लोक-परंपराओं को जीवंत किया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत ‘नंदा राजजात’ की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसने देवभूमि की अटूट धार्मिक आस्था को खूबसूरती से दर्शाया।
प्रतियोगिता के परिणाम:
मंदिर परिसर पहुंचने पर शोभायात्रा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों के परिणामों की घोषणा की गई। निर्णायक मंडल में शामिल आशीष वर्मा, दीप जोशी और भूपेन्द्र बिष्ट के मूल्यांकन के आधार पर:
प्रथम स्थान: जीजीआईसी अल्मोड़ा
द्वितीय स्थान: ग्रीन फील्ड
तृतीय स्थान: जीआईसी अल्मोड़ा
मुख्य अतिथि व गणमान्य लोग रहे मौजूद:
कार्यक्रम में विधायक मनोज तिवारी, मेयर अजय वर्मा, दर्जा राज्यमंत्री गोविंद पिल्खवाल, मेला अध्यक्ष मनोज वर्मा, मुख्य मेला संयोजक तारा चंद्र जोशी, मेला सचिव मनोज सनवाल, मुख्य सांस्कृतिक संयोजक अर्जुन बिष्ट चीमा, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान व कैलाश शर्मा, पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक, राजेंद्र बिष्ट, जगत तिवारी, कैलाश गुरुरानी, हरीश बिष्ट, मनोज भंडारी, कुलदीप मेर, नमन बिष्ट, तारा चंद्र साह, गोविंद मेहरा, अनूप साह और मुन्ना वर्मा सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग शामिल रहे।
