उत्तराखंड डेली न्यूज:ब्योरो
नम आंखों से श्रद्धालुओं ने आराध्य देवी को दी विदाई
रानीखेत।रानीखेत में 137वां मां नंदा-सुनंदा महोत्सव सोमवार को मां की भव्य डोला यात्रा के साथ संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने नम आंखों से आराध्य देवी को विदाई दी।
प्रातः नित्य पूजा-अर्चना के बाद जरूरी बाजार स्थित नंदा देवी मंदिर से भजन-कीर्तन और नगाड़े-निशान के साथ मां नंदा-सुनंदा की डोला यात्रा शुरू हुई। नंदा-सुनंदा के जयकारों और भजनों से पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा। बेटी-बहन के रूप में पूजी जाने वाली मां नंदा-सुनंदा के दर्शन और विदाई के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु रानीखेत पहुंचे। जगह-जगह आरती उतारी गई और श्रद्धालुओं ने पुष्प-अक्षत अर्पित कर आराध्य देवी को विदाई दी।डोला यात्रा के साथ निकली सांस्कृतिक शोभायात्रा में स्कूली बच्चों का उत्साह देखते ही बना। बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देने के साथ मां नंदा-सुनंदा के जयकारे लगाए। धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से पर्वतीय अंचल की समृद्ध लोक संस्कृति भी जीवंत हो उठी। शोभायात्रा में लोकगीतों और लोकनृत्यों की धूम रही। जवाहर नवोदय विद्यालय, ताड़ीखेत के विद्यार्थियों ने छोलिया नृत्य का मनमोहक प्रदर्शन किया।शोभायात्रा में नगर के नेशनल इंटर कॉलेज, मिशन इंटर कॉलेज, वीर शिवा स्कूल और छावनी इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने भी प्रतिभाग किया। शोभायात्रा द्यूलीखेत, रोडवेज स्टेशन, सदर बाजार, गांधी चौक और विजय चौक होते हुए नंदा देवी मंदिर पहुंची। इसके बाद विसर्जन यात्रा कालू गधेरा के लिए रवाना हुई, जहां मां नंदा-सुनंदा की मूर्तियों का विधिवत विसर्जन किया गया।शोभायात्रा में आशीष साह, भावना साह, नंदा देवी समिति अध्यक्ष गौरव भट्ट, सांस्कृतिक संयोजक विमल सती, समिति संरक्षक हरीश लाल साह, विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल, पूर्व विधायक करन माहरा, जिला पंचायत सदस्य शांति उप्रेती, क्षेत्र प्रमुख बबली मेहरा, क्षेत्र प्रमुख हीरा सिंह रावत, धन सिंह रावत, विमला रावत, गोपाल दत्त उप्रेती, दीप भगत, मोहन नेगी, गौरव तिवारी, दीपक पंत, अभिषेक कांडपाल, राजेंद्र पंत, कैलाश पांडे, अगस्त लाल साह, एलएम चंद्रा, भुवन साह, मोहिल साह, पंकज साह, मुकेश साह, किरन लाल साह, हरित साह, पुरोहित पं. विपिन पंत, प्रमोद कांडपाल, विनोद कांडपाल, धीरज अग्रवाल, परमवीर मेहरा, सोनू सिद्दीकी, जयंत रौतेला और अनिल वर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
