
उत्तराखंड डेली न्यूज़: ब्योरो
विधायक भूपाल राम के प्रयासों के बाद लंबे समय से लंबित मांग को मिली मंजूरी, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को मिलेगी राहत
थराली। उप जिला चिकित्सालय थराली में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हुई है। अस्पताल में नई अल्ट्रासाउंड मशीन की स्थापना के लिए गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी की सांसद निधि से 30 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। विधायक भूपाल राम के प्रयासों के बाद क्षेत्र की लंबे समय से लंबित इस मांग को मंजूरी मिलने से स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है।थराली विधानसभा की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए उप जिला चिकित्सालय में अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध होना काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अभी तक अल्ट्रासाउंड जांच के लिए गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और अन्य मरीजों को कई बार दूसरे अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। ऐसे में नई मशीन स्थापित होने से क्षेत्र के मरीजों को स्थानीय स्तर पर जांच की सुविधा मिलने की उम्मीद है। खासकर गर्भवती महिलाओं को जांच के लिए दूर-दराज के अस्पतालों तक जाने की परेशानी से राहत मिल सकेगी।विधायक भूपाल राम ने इस स्वीकृति के लिए गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि थराली विधानसभा क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार और उनकी प्राथमिकता है। मशीन की स्थापना की प्रक्रिया जल्द पूरी कराई जाएगी।विधायक ने यह भी बताया कि उप जिला चिकित्सालय थराली के लिए आवश्यक पदों के सृजन की कार्रवाई शासन स्तर पर गतिमान है। जल्द ही अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की दिशा में भी कदम उठाए जाएंगे।गौरतलब है कि थराली क्षेत्र में लंबे समय से स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने और अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती की मांग उठती रही है। ऐसे में अल्ट्रासाउंड मशीन के लिए 30 लाख रुपये की स्वीकृति को स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। हालांकि क्षेत्रवासियों की निगाहें अब मशीन की स्थापना और विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति पर टिकी हैं।

