
उत्तराखंड डेली न्यूज़:ब्योरो
देहरादून, 23 नवंबर 2026: अशासकीय माध्यमिक मानदेय से वंचित पी.टी.ए. शिक्षक संघ, उत्तराखण्ड के बैनर तले आज प्रदेश भर से आए लगभग 202 मानदेय से वंचित पी.टी.ए. शिक्षकों ने गांधी पार्क से मुख्यमंत्री आवास तक पैदल मार्च (मुख्यमंत्री आवास कूच) किया। इस कार्यक्रम में अशासकीय संघ के पदाधिकारियों तथा मानदेय प्राप्त पी.टी.ए. शिक्षकों ने भी अपनी मांगों के समर्थन में एकजुट होकर भाग लिया। शिक्षकों ने कहा कि दुर्गम एवं पर्वतीय क्षेत्रों में 8 से 10 वर्षों से सेवाएं देने के बावजूद वे आर्थिक असुरक्षा का सामना कर रहे हैं। कई बार प्रस्ताव भेजे जाने के बाद भी प्रकरण कैबिनेट से स्वीकृति के लिए लंबित है।
संघ की दो मुख्य मांगें:
* मानदेय से वंचित पी.टी.ए. शिक्षकों को राजकीय मानदेय की श्रेणी में लाया जाए।
* जिन पी.टी.ए. शिक्षकों को पूर्व से मानदेय प्राप्त है, उन्हें तदर्थ किया जाए।
आंदोलन की चेतावनी:
संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि सरकार द्वारा इन मांगों को शीघ्र पूरा नहीं किया गया, तो सभी शिक्षक प्रदेशव्यापी उग्र आंदोलन और अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करने के लिए बाध्य होंगे।
कार्यक्रम में शामिल प्रमुख लोग:
इस मार्च में अशासकीय संघ के पदाधिकारियों में अनिल नौटियाल, मैठाणी जी, रौतेला जी एवं बिजलवाण जी शामिल रहे। इनके साथ पी.टी.ए. शिक्षक संघ से अजय शर्मा, कल्पना सेमवाल, नीरज कुमार, उपेन्द्र बहुगुणा, पूनम नेगी, दीक्षा, सोनम, विनोद राणा, शुभम सहित बड़ी संख्या में पी.टी.ए. शिक्षक सम्मिलित रहे।

