उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
हल्द्वानी में कांग्रेस की विजय शंखनाद रैली के बाद रामलीला मैदान में कथित तौर पर कराए गए शुद्धिकरण यज्ञ का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। कांग्रेस ने इस मामले में पुलिस पर एफआईआर दर्ज नहीं करने का आरोप लगाया है। सोमवार को पूर्व विधायक रणजीत रावत के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रामनगर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर सौंपी और मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।दरअसल, 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस की विजय शंखनाद रैली आयोजित हुई थी, जिसे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने संबोधित किया था। कांग्रेस का आरोप है कि रैली के बाद इसी स्थान पर कथित तौर पर शुद्धिकरण यज्ञ कराया गया था। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस मुद्दे को राज्यसभा में भी उठाया था, जिसके बाद भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद जेपी नड्डा ने घटना पर खेद व्यक्त किया था।कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इस मामले में हल्द्वानी पुलिस द्वारा अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। वहीं, 29 अगस्त को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हल्द्वानी पुलिस से मामले में जल्द एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी।कांग्रेस ने आरोप लगाया कि एक ओर इस मामले में पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है, जबकि दूसरी ओर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दो युवकों की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर ली। इसी को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी है।सोमवार को पूर्व विधायक रणजीत रावत के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता रामनगर कोतवाली पहुंचे और हल्द्वानी के मामले में एफआईआर दर्ज करने के लिए पुलिस को तहरीर सौंपी। कांग्रेस नेताओं ने पुलिस से मामले में मुकदमा दर्ज कर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है।
