उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
पौड़ी। मानसून के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को दुरुस्त करने के लिए पौड़ी जिले में मरम्मत अभियान शुरू हो गया है। लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) समेत संबंधित विभागों के सभी खंडों की टीमें फील्ड में उतरकर सड़कों पर बने गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों को चिह्नित कर मरम्मत में जुट गई हैं। प्राथमिकता के आधार पर पैचवर्क के साथ अधिक क्षतिग्रस्त हिस्सों को भी आवश्यकतानुसार दुरुस्त किया जा रहा है।जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने अधिकारियों को मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप सड़क मरम्मत कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मरम्मत में तेजी के साथ गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखा जाए और निर्धारित मानकों के अनुरूप ही कार्य कराया जाए। विभागीय टीमें फील्ड में कार्यों की निगरानी कर रही हैं।पर्वतीय जिले में सड़कें ग्रामीण क्षेत्रों को शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य जरूरी सेवाओं से जोड़ने का प्रमुख माध्यम हैं। ऐसे में मानसून से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत को लेकर विभागों ने अभियान तेज किया है। आने वाले दिनों में चिन्हित स्थानों पर मरम्मत कार्यों में और तेजी लाने पर जोर रहेगा, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
