
उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
बुधवार शाम हुई तेज बारिश के बाद भानियावाला क्षेत्र में अचानक जलभराव की स्थिति बन गई। थानो वन रेंज से निकलने वाले बरसाती खाले में उफान आने से हाईवे पर पानी भर गया और वाहनों की रफ्तार थम सी गई। सूचना पर नगर पालिका डोईवाला की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी से पानी का रास्ता बदलने का प्रयास किया।बुधवार शाम क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश के कारण थानो वन रेंज से निकलने वाले बरसाती खाले में अचानक उफान आ गया। यह बरसाती खाला भानियावाला हाईवे पर पीएनबी बैंक के पास निकलता है। खाले में पानी बढ़ने के बाद भानियावाला हाईवे पर जलभराव की स्थिति बन गई। इससे हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ और वाहन पानी के बीच से धीमी गति से आगे बढ़ते रहे।बारिश के दौरान खाले में आए उफान के कारण भानियावाला मुख्य बाजार और हाईवे पर भी पानी भर गया। अचानक जलभराव होने से कुछ समय के लिए सड़क पर आवाजाही प्रभावित रही। हाईवे से गुजरने वाले वाहनों को पानी के बीच से निकलने में परेशानी हुई और यातायात रेंगते हुए आगे बढ़ा।जलभराव की सूचना मिलने के बाद नगर पालिका डोईवाला की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने जेसीबी की मदद से सड़क पर जमा पानी को डाइवर्ट करने का प्रयास किया, ताकि हाईवे पर आवाजाही सुचारु हो सके। टीम के प्रयासों के बाद पानी की निकासी का काम किया गया। क्षेत्र में करीब एक घंटे तक भानियावाला मुख्य बाजार और हाईवे पर जलभराव की समस्या बनी रही। मूसलाधार बारिश के कारण बरसाती खाले में पानी बढ़ने से यह स्थिति बनी।

