उत्तराखंड डेली न्यूज़: ब्योरो
*नशे के दुष्प्रभाव, साइबर फ्रॉड, महिला सुरक्षा एवं उत्तराखण्ड पुलिस एप के सम्बन्ध में छात्र-छात्राओं को किया गया जागरुक।*पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशों के क्रम में जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा आमजन एवं छात्र-छात्राओं को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक किए जाने हेतु निरंतर जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज दिनांक 22 सितम्बर 2026 को राजकीय इंटर कॉलेज, नगरासू में रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा जन-जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम द्वारा छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें वर्तमान समय में सामने आ रही विभिन्न सामाजिक एवं साइबर अपराध संबंधी चुनौतियों के प्रति सजग रहने के लिए जागरुक किया गया।कार्यक्रम में एसओजी प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार, हेड कांस्टेबल अनूप लिंगवाल एवं कांस्टेबल रविन्द्र सिंह रावत, चौकी घोलतीर द्वारा छात्र-छात्राओं को महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
नशे के विरुद्ध जागरुकता
पुलिस टीम द्वारा छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। बताया गया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य एवं भविष्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार एवं समाज पर भी इसका गंभीर प्रभाव पड़ता है।छात्र-छात्राओं से अपील की गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरुक करें। किसी भी प्रकार की नशीली सामग्री के संबंध में जानकारी होने पर पुलिस को तत्काल सूचना देने के लिए भी प्रेरित किया गया।
साइबर अपराध एवं साइबर फ्रॉड से बचाव
वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए छात्र-छात्राओं को साइबर फ्रॉड एवं ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों के बारे में जानकारी दी गई।पुलिस टीम द्वारा बताया गया कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, ATM/डेबिट-क्रेडिट कार्ड की जानकारी, बैंक खाते से संबंधित विवरण, UPI PIN, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध एप डाउनलोड करने तथा लालच देने वाले ऑनलाइन ऑफर एवं फर्जी कॉल से सावधान रहने के लिए भी जागरुक किया गया।साथ ही छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध घटित होने पर तत्काल इसकी सूचना संबंधित माध्यमों से पुलिस को देने तथा समय रहते शिकायत करने के महत्व के बारे में बताया गया।
महिला सुरक्षा एवं हेल्पलाइन की जानकारी
कार्यक्रम में महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण प्रावधानों एवं सहायता के लिए उपलब्ध महिला हेल्पलाइन के बारे में भी जानकारी दी गई। छात्राओं को किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न अथवा असुरक्षा महसूस होने पर बिना झिझक पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को बताया कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क किया जा सकता है तथा अपनी समस्या को बेझिझक पुलिस के समक्ष रखा जा सकता है।
उत्तराखण्ड पुलिस एप के बारे में दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को उत्तराखण्ड पुलिस एप के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई। पुलिस टीम द्वारा एप के माध्यम से उपलब्ध विभिन्न पुलिस सेवाओं एवं सुविधाओं के बारे में बताया गया तथा आवश्यकता पड़ने पर डिजिटल माध्यम से पुलिस सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा इस प्रकार के जागरुकता कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को नशे, साइबर अपराध एवं अन्य सामाजिक अपराधों से बचाव के प्रति जागरुक करने के साथ-साथ उन्हें सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
रुद्रप्रयाग पुलिस की अपील—
नशे से दूर रहें, साइबर अपराधों के प्रति सजग रहें और किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर पुलिस की सहायता लेने में संकोच न करें।
