उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
विधायक टम्टा बोले- लोक संस्कृति के संरक्षण के लिए ऐतिहासिक पर्वों पर मेलों का आयोजन जरूरी
जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत बिष्ट ने विकास कार्यों के लिए 37 लाख रुपये की घोषणा की
थराली/देवाल। पिलखड़ा (ल्वाणी) में सोमवार को 20वें दो दिवसीय राजकीय राजराजेश्वरी संस्कृति संरक्षण मेले का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शुभारंभ हुआ। थराली विधायक भूपाल राम टम्टा और जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट ने दीप प्रज्वलित कर एवं रिबन काटकर मेले का उद्घाटन किया। इससे पूर्व अतिथियों ने मां नंदा भगवती के पौराणिक मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र, जिले और प्रदेश में सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।मेले के शुभारंभ अवसर पर महिला मंगल दलों, विद्यालयों और महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। नंदा देवी की स्तुति में प्रस्तुत नंदा झोड़ा, चाचड़ी और चौंफला ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सांस्कृतिक कला मंच पांडवास की ओर से प्रस्तुत नर्सिंग नृत्य की भी दर्शकों ने जमकर सराहना की। विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई विकास प्रदर्शनी मेले में आकर्षण का केंद्र रही।विधायक भूपाल राम टम्टा ने कहा कि नंदा देवी की कैलाश यात्रा के दौरान पिछले 20 वर्षों से मेले का आयोजन किया जाना क्षेत्र की लोक संस्कृति के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि अपनी लोक संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण तथा उनके प्रचार-प्रसार के लिए ऐतिहासिक अवसरों पर सार्वजनिक मेलों का आयोजन जरूरी है। उन्होंने मेले को राजकीय मेला घोषित किए जाने पर राज्य सरकार का आभार जताते हुए क्षेत्रवासियों को बधाई दी।जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट ने मेले के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि राजकीय मेला घोषित होने से इसकी पहचान और व्यापक होगी।उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और विधायक भूपाल राम टम्टा का आभार जताया और मेले के विकास में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। जिपंस हाट कल्याणी वार्ड उर्मिला बिष्ट की मांग पर उन्होंने विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों के लिए 37 लाख रुपये की घोषणा की।इस दौरान सवाड़ वार्ड के जिला पंचायत सदस्य बलवीर राम ने राइंका ल्वाणी के खेल मैदान के समतलीकरण के लिए दो लाख रुपये तथा चौड़ा वार्ड की जिपंस कलावती देवी ने पिलखड़ा नंदा मंदिर के गेट निर्माण के लिए दो लाख रुपये देने की घोषणा की।मेला समिति अध्यक्ष महावीर बिष्ट ने अतिथियों का स्वागत करते हुए मेले के आयोजन के दौरान आए उतार-चढ़ाव की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मेला लंबे समय से जनसहयोग से आयोजित होता आ रहा है। राजकीय मेला घोषित होने पर उन्होंने खुशी जताते हुए विधायक भूपाल राम टम्टा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अब मेले को और बेहतर स्वरूप देने के साथ इसे निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।इस अवसर पर जिपंस हरी सोनियाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष देवाल उमेश मिश्रा, विधायक प्रतिनिधि सुरेंद्र बिष्ट, गणेश मिश्रा, राकेश भारद्वाज, धीरेंद्र बिष्ट, विनाय मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और मेला समिति के सदस्य मौजूद रहे। मंच का संचालन अध्यापक डॉ. कृपाल सिंह भंडारी ने किया।
