उत्तराखंड डेली न्यूज:ब्योरो
गंगा आरती स्थल पंजाब सिंध क्षेत्र घाट सहित प्रमुख स्थानों पर प्रज्वलित हुए हजारों दीये
सेवा संकल्प अभियान
के तहत आशीर्वाद दिया कार्यक्रम हुआ आयोजित
उत्तरकाशी। जनपद में आगामी 18 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जिले में भक्ति एवं जन-भागीदारी का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। इस अभियान के अंतर्गत जिला मुख्यालय स्थित गंगा आरती स्थल पंजाब सिंध क्षेत्र घाट पर नगरपालिका बाड़ाहाट के तत्वाधान में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन हुआ। सायंकाल में आयोजित दीप प्रज्वलन समारोह में गंगा घाट के साथ ही गंगोत्री और यमुनोत्री धाम दीयों की रोशनी से जगमगा उठा, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा और उल्लास से सराबोर हो गया।आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम के अंतर्गत गंगोत्री एवं यमुनोत्री धामों सहित जिले के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों और कार्यालयों पर भी दीप प्रज्ज्वलित किए गए। पवित्र धामों और प्रमुख स्थलों पर एक साथ जले दीयों ने पूरे क्षेत्र को आलोकित करने के साथ-साथ जन-सेवा और सामाजिक कल्याण के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ कर दिया। इस मौके पर गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान,दर्जाधारी राज्यमंत्री प्रताप पंवार, नगरपालिका अध्यक्ष भूपेंद्र चौहान, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह सहित अनेक नागरिकों ने माँ गंगा की आरती कर एवं दीये जलाकर जन सेवा का संकल्प लिया। गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि जिले के पावन धामों और पंजाब सिंध घाट सहित अन्य स्थानों पर हजारों दीयों का यह भव्य प्रज्वलन केवल एक सांस्कृतिक उत्सव नहीं, बल्कि देवभूमि के उज्ज्वल भविष्य और समृद्ध उत्तरकाशी का मार्ग प्रशस्त करने वाला संकल्प है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान’ का मुख्य उद्देश्य जन-सेवा, जिले के प्रत्येक पात्र नागरिक तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाना है।इस अवसर पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुधा गुप्ता, सीएमओ डॉ. श्याम विजय, पर्यावरण विशेषज्ञ स्वजल प्रताप मटूडा, ईओ नगरपालिका शालिनी चित्रण ,प्रेम सिंह पंवार, प्रताप रावत, प्रगति रावत, राजीव बहुगुणा, भरत सिंह बिष्ट, दीपेन्द्र कोहली,राजेंद्र गंगाडी, हरीश डंगवाल आदि प्रमुख लोग उपस्थित रहे।
