उत्तराखंड डेली न्यूज:ब्योरो
उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक प्रबंध समिति के चुनाव में भाजपा समर्थित श्रीमती शारदा असवाल राणा अध्यक्ष व हरिमोहन सिंह उपाध्यक्ष चुने गए। नव निर्वाचित अध्यक्ष ने कहा कि जिले में सहकारिता आंदोलन को मजबूत कर किसानों और ग्रामीणों तक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा।मंगलवार सुबह लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस से भाजपा अधिकृत अध्यक्ष प्रत्याशी शारदा राणा व बोर्ड के सभी सदस्य नांमाकन के लिए जिला सहकारी बैंक उतरकाशी में ढोल नगाड़ों के साथ पहुंचे और ठीक 10:30 बजे अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी ने अपना नांमाकन पत्र दाखिल किया। दोनों पदों पर एक एक नामांकन होने पर अपरान्ह 3:30 बजे अध्यक्ष पद पर शारदा राणा व उपाध्यक्ष पद हरि मोहन सिंह को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।अध्यक्ष श्रीमती शारदा राणा ने कहा कि सहकारिता आंदोलन को मजबूत करना, किसानों, छोटे कारोबारियों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों तक बैंकिंग एवं वित्तीय सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता होगी। जिला सहकारी बैंक को पारदर्शिता, जवाबदेही और आम लोगों के हितों को केंद्र में रखकर आगे बढ़ाया जाएगा। बैंक की विभिन्न योजनाओं एवं सहकारी सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ किसानों, स्वयं सहायता समूहों, छोटे उद्यमियों और ग्रामीण जनता तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सहकारी संस्थाओं को मजबूत कर स्थानीय स्तर पर रोजगार, स्वरोजगार, कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए विशेष कार्य योजना तैयार की जाएगी। दिया जा सकता हैउपाध्यक्ष हरिमोहन सिंह ने कहा कि जिले में सहकारिता आंदोलन को मजबूत करना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि बैंक की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने तथा सहकारी संस्थाओं को सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के लिए सभी के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष बड़कोट अतुल सिंह रावत ,विजय सिंह संतरी,दिनेश लाल, मनोरमा, जगमोहन सिंह रावत, जगमोहन सिंह, पूर्णिमा देवी रामला, बलवीर सिंह, रमिता, सुनीता, जगदीश प्रसाद दशरथी निर्विरोध संचालक निर्वाचित हुए।इस अवसर पर गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान,भाजपा जिला अध्यक्ष नागेंद्र चौहान, जिला पंचायत के अध्यक्ष रमेश चौहान वरिष्ठ भाजपा नेता सूरत राम नौटियाल, पूर्व विधायक विजयपाल सिंह सजवाण,केदार सिंह रावत ,मुख्यमंत्री के गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट,पूर्व जिलाध्यक्ष सत्येंद्र राणा ,महामंत्री महावीर सिंह नेगी, परशुराम जगूड़ी,जिला उपाध्यक्ष हरीश डंगवाल आदि भी मौजूद रहे।
