उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
उत्तरकाशी। विधानसभा क्षेत्र यमुनोत्री के अंतर्गत स्यानाचट्टी-कुपड़ा मोटर मार्ग के किलोमीटर एक में 57 मीटर लंबे वैली ब्रिज का पुनर्निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है। लोक निर्माण विभाग बड़कोट ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ब्रिज का निर्माण कार्य पूर्ण कर ब्रिज को आमजन और वाहनों के आवागमन के लिए खोल दिया है। ब्रिज से आवागमन शुरू होने से होने से स्थानीय ग्रामीणों को बड़ी राहत की सांस ली।
57 मीटर लंबे वैली ब्रिज का पुनर्निर्माण कार्य कुल ₹83,54,050.00 की लागत से स्वीकृत हुआ था ।जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशन में विभागीय टीम के प्रयासों से मानसून अवधि में भी तत्परता से कार्य करते हुए अब कार्य पूर्ण कर इसे क्षेत्रवासियों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया है। अधिकारियों ने कहा कि प्रशासन एवं लोक निर्माण विभाग क्षेत्र में सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। ब्रिज चालू होने से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी पुनः बहाल हो गई है, जिससे आपातकालीन सेवाओं एवं दैनिक परिवहन को गति मिलेगी।
