
उत्तराखंड डेली न्यूज:ब्योरो
उत्तरकाशी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय के कुशल मार्गदर्शन में भारत सरकार द्वारा वर्ष 2026 में संचालित एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत जनपद उत्तरकाशी ने निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ श्याम विजय ने बताया कि जनपद में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की लक्षित 2,821 बालिकाओं के सापेक्ष शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य पूर्ण कर लिया गया है। यह उपलब्धि स्वास्थ्य विभाग की टीमों के समन्वित प्रयासों, प्रभावी कार्ययोजना एवं अभियान के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है।सीएमओ ने इस उपलब्धि पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ पीएस पोखरियाल, सहायक जिला प्रतिरक्षण अधिकारी संजय बिजलवान, श्रीमती प्रीति गौर, वैक्सीन कोल्ड चेन मैनेजर एमपी भट्ट सहित जिला व ब्लॉक स्तर की समस्त प्रतिरक्षण टीमों तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं।डॉ. श्याम विजय ने कहा कि एचपीवी टीकाकरण बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस प्रकार के टीकाकरण अभियान भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के जोखिम को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले समस्त स्वास्थ्यकर्मियों एवं संबंधित टीमों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में ऐसी उपलब्धियां विभाग की सामूहिक प्रतिबद्धता और बेहतर कार्यप्रणाली को दर्शाती हैं।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जनपद के समस्त स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों से भविष्य में भी इसी समर्पण, समन्वय एवं कार्यकुशलता के साथ स्वास्थ्य कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने की अपेक्षा की।

