
उत्तराखंड डेली न्यूज:ब्योरो
विद्यालयों में रैली, चित्रकला, निबंध और लघुनाटिका के माध्यम से दिया मतदान का संदेश, ग्रामीण क्षेत्रों में महिला मंगल दलों ने ली मतदान की शपथ आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत जनपद में मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य विकास अधिकारी एवं नोडल अधिकारी स्वीप वरुणा अग्रवाल के निर्देशों के क्रम में विद्यालयों, ग्राम पंचायतों और विभिन्न विकासखंडों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया जा रहा है।अभियान के तहत जीजीआईसी बौराड़ी की छात्राओं ने चित्रकला के माध्यम से मतदाता जागरूकता का संदेश दिया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज चंबा की छात्राओं ने जागरूकता रैली निकाली। जीआईसी छपराधार और जीआईसी रणसोलीधार में चित्रकला, जागरूकता रैली, निबंध एवं आलेख प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं तथा प्रतिभाग करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया। वहीं, जीएचएसएस थालकाधार जाखणीधार के विद्यार्थियों ने दुर्गम एवं कठिन परिस्थितियों में मतदान केंद्र तक पहुंचने वाले मतदान कार्मिकों के विषय पर लघुनाटिका का मंचन किया। राजकीय इंटर कॉलेज रानीचौरी में मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई, जबकि जीआईसी डांगचौरा में विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को मतदान की शपथ दिलाई गई।ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्वीप गतिविधियों के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है। बीडीसी कीर्तिनगर में ब्लॉक प्रमुख अंचला खंडेवाल की उपस्थिति में मतदाता जागरूकता शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। विकासखंड थौलधार के कमांद एवं सुनारगांव, देवप्रयाग विकासखंड के महिला मंगल दल बिडकोट, महिला मंगल दल नौर, विकासखंड भिलंगना के ग्राम सेंदुल तथा विकासखंड प्रतापनगर के महिला मंगल दल सुजड़गांव में भी मतदाता जागरूकता संबंधी गतिविधियां आयोजित की गईं।इसके अतिरिक्त विकासखंड जाखणीधार की सुदूर ग्राम पंचायत नवाकोट में जिला पंचायत राज अधिकारी एम.एम. खान ने ग्रामीणों को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान यशोदा देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य गीता देवी, पूर्व प्रधान भगवती प्रसाद रतूड़ी, सहायक विकास अधिकारी पंचायत के.आर. रतूड़ी, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी मुकेश कुमार एवं अश्विनी कुमार, कनिष्ठ अभियंता प्रीतम सिंह रावत, ब्लॉक समन्वयक दिग्विजय सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कार्मिक और ग्रामीण उपस्थित रहे।अभियान के माध्यम से लोगों को मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित कराने तथा आगामी विधानसभा निर्वाचन में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि आगामी विधानसभा निर्वाचन में अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें तथा परिवार, आस-पड़ोस और अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें, ताकि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र मतदाता की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

