
उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो

चमोली के जिला मुख्यालय गोपेश्वर में बंदर और लंगूरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। हालात ये हैं कि बाजार और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों का निकलना मुश्किल होता जा रहा है।ताजा तस्वीरें गोपेश्वर के गणेश मंदिर के पास की हैं, जहां एक अभिभावक अपने छोटे बच्चे को लेकर जा रहा था। इसी दौरान एक बंदर ने अचानक उन पर हमला कर दिया। अभिभावक ने किसी तरह बच्चे को संभालते हुए खुद को भी सुरक्षित किया।स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। गोपेश्वर के अलग-अलग इलाकों में बंदरों और लंगूरों का झुंड लगातार लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। कई बार लोगों ने जिला प्रशासन, नगर पालिका और वन विभाग से शिकायत कर समस्या से निजात दिलाने की मांग की है। नगर पालिका की ओर से बंदरों को पकड़ने के लिए कई बार टीम भी बुलाई गई, लेकिन इसके बावजूद समस्या पूरी तरह खत्म नहीं हो सकी है। बंदरों की बढ़ती संख्या और लगातार हो रही घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है।लोगों की मांग है कि प्रशासन इस समस्या का स्थायी समाधान निकाले, ताकि स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और आम राहगीरों को बंदरों के हमले का डर न रहे।
