उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक दहला देने वाली खबर सामने आई है। राजधानी के एक निजी अस्पताल में बुधवार को आग लगने से वहां भर्ती एक महिला की मौत हो गई। वहीं, इस घटना में 10 अन्य मरीज घायल हो गए। पुलिस की ओर से मामले में जानकारी साझा की गई है। देहरादून पुलिस ने बताया कि बचाव कार्य में शामिल तीन पुलिसकर्मियों को भी घुटन और सांस लेने में दिक्कत की वजह से अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। वहीं, घटना का संज्ञान लेते हुए उत्तराखंड सरकार ने सभी निजी अस्पतालों की जांच के आदेश दिए हैं।देहरादून के हरिद्वार रोड पर स्थित पैनेसिया अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में आग लगने की घटना सामने आई। एयर कंडीशनर में शार्ट सर्किट से हुए विस्फोट के कारण आग लग गई। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी और दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आईसीयू में भर्ती मरीजों को बाहर निकाला। हालांकि, घटना में कुछ मरीज घायल हो गए। गैस एवं धुएं की वजह से ऑक्सीजन की कमी होने के चलते उनकी दिक्कतें बढ़ गईं।मरीजों की परेशानी बढ़ने के बाद उन्हें विभिन्न नजदीकी अस्पतालों में भेजा गया। पुलिस ने बताया कि बचाव कार्य में शामिल कुछ पुलिसकर्मियों ने भी जलन, घुटन, सांस लेने में दिक्कत तथा बेहोशी जैसी शिकायतें कीं। इसके बाद उन्हें भी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
महिला की हुई मौत
पुलिस ने बताया कि उपचार के दौरान पैनेसिया अस्पताल के आईसीयू में पहले से ही वेंटिलेटर पर रखी गई 60 वर्षीय एक महिला की मृत्यु हो गई। महिला की पहचान देहरादून के बल्लीवाला क्षेत्र की रहने वाली वीरवती के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, घटना में 10 अन्य मरीज घायल हुए। वहीं, तीन पुलिसकर्मियों को स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया। घायल मरीजों में एक ढाई साल की बच्ची तथा एक नवजात शिशु भी शामिल है।आईजी मौके पर पहुंचे,घटना की सूचना मिलने के बाद अधिकारियों के साथ मौके पर गढ़वाल रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राजीव स्वरूप पहुंचे। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही हमारी टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया गया। उन्होंने कहा कि शुरुआती आकलन से प्रतीत होता है कि आग शार्ट सर्किट के कारण लगी। हालांकि, घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
स्वास्थ्य मंत्री ने भी लिया जायजा
प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल भी घटनास्थल का निरीक्षण करने अस्पताल पहुंचे। मंत्री ने कहा कि उन्होंने देहरादून के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को सभी निजी अस्पतालों की जांच के आदेश दिए हैं। इससे यह पता चल सकेगा कि वहां सुरक्षा तथा अन्य मानकों का पालन किया जा रहा है या नहीं । स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी कहा कि मामले में मजिस्ट्रेट जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं।
