उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
उत्तराखंड की बदरीनाथ धाम यात्रा पर गए तीर्थयात्रियों को लेकर लौट रहे हेलीकॉप्टर की खेत में इमरजेंसी लैंडिंग का मामला सामने आया है। बदरीनाथ धाम तीर्थयात्रियों को लेकर देहरादून आ रहे ट्रांस भारत एविएशन कंपनी के हेलीकाप्टर की चंबा-आराकोट क्षेत्र के ऊपर उड़ान के दौरान सत्यो-सकलाना क्षेत्र के खेतों में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। हेलीकॉप्टर में पायलट सहित कुल छह लोग सवार थे, सभी सुरक्षित हैं। घटना का वीडियो सामने आया है। इसके बाद से इसको लेकर चर्चा शुरू हो गई है। चार धाम यात्रा में हेलीकॉप्टर यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए तमाम उपाय किए गए हैं।बदरीनाथ धाम से बुधवार सुबह के समय ट्रांस एविएशन कंपनी का हेलीकॉप्टर बदरीनाथ धाम से देहरादून की ओर जा रहा था। हेलीकाप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार थे। चंबा-आराकोट क्षेत्र में उड़ान के दौरान हेलीकाप्टर हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे हेलीकॉप्टर के पिछले हिस्से को क्षति पहुंची। इसके कारण पायलट ने तत्काल सूझबूझ का परिचय देते हुए सत्यों-सकलाता में खेतों में हेलीकाप्टर की सुरक्षित लैंडिंग करवाई।हालांकि, खेतों में हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के दौरान इसमें सवार यात्री घबरा गए, लेकिन सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी ने राहत की सांस ली। वहीं, खेतों में हेलीकाप्टर के उतरने की सूचना पर स्थानीय लोगों के साथ ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन भी मौके पर पहुंचे। हेलीकाप्टर सवार लोगों को सुरक्षित उतारा।
विभागों की टीम मौके पर पहुंची
हेलीकाप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग की सूचना पर संबंधित विभागों की टीम भी मौके पर पहुंची। यात्रियों की सुरक्षा के साथ ही हेलीकाप्टर की आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। टिहरी पुलिस के अनुसार, प्राथमिक जांच में सभी यात्री सुरक्षित पाए गए हैं। घटना के कारणों की विस्तृत जांच संबंधित तकनीकी एवं एविएशन एजेंसियों की ओर से की जा रही है। साथ ही, जनपद पुलिस की ओर से लोगों से अपील की गई है कि घटना से संबंधित अपुष्ट अथवा भ्रामक सूचनाओं का प्रसार न करें। केवल आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करें।उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के सीईओ डॉ. आशीष चौहान ने घटना के संबंध में बताया कि हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैडिंग की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तेज हवाओं के कारण हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है।
