उत्तराखंड डेली न्यूज:ब्योरो
मानसून सीजन और आगामी समय में डेंगू के संभावित खतरे को देखते हुए नगर निगम देहरादून ने डेंगू नियंत्रण के लिए विशेष अभियान प्रारंभ किया है. साथ ही नगर निगम परिसर से डेंगू रोकथाम हेतु लार्वीसाइडल टैंकर अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया गया। अभियान का शुभारंभ महापौर सौरभ थपलियाल और नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डेय द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। डेंगू वाहक मच्छरों के लार्वा को प्रारंभिक अवस्था में ही नष्ट करने तथा शहर में डेंगू संक्रमण की रोकथाम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रथम चरण में लगभग 15 लार्वीसाइडल टैंकरों को विभिन्न क्षेत्रों एवं वार्डों के लिए रवाना किया गया। ये टैंकर शहर के संवेदनशील क्षेत्रों, जलभराव वाले स्थानों, नालों, खाली भूखंडों, निर्माणाधीन स्थलों, सार्वजनिक स्थलों एवं अन्य संभावित मच्छर प्रजनन क्षेत्रों में नियमित रूप से लार्वीसाइडल छिड़काव एवं उपचारात्मक कार्यवाही करेंगे। नगर निगम प्रशासन द्वारा इस अभियान को एक व्यापक जनस्वास्थ्य पहल के रूप में संचालित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत लार्वीसाइडल छिड़काव के साथ-साथ जनजागरूकता गतिविधियां, क्षेत्रीय निरीक्षण, स्रोत नियंत्रण एवं स्वच्छता संबंधी विशेष अभियान भी संचालित किए जाएंगे। निगम का लक्ष्य डेंगू के प्रसार को नियंत्रित करने के लिए निवारक उपायों को जमीनी स्तर तक प्रभावी रूप से लागू करना है।
