उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
जनपद में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा असामाजिक तत्वों और नशा तस्करी पर रोक लगाने के उद्देश्य से रुद्रप्रयाग पुलिस ने आज जिले भर में संध्याकालीन चेकिंग अभियान चलाया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक विकास पुण्डीर व वेद प्रकाश भट्ट के पर्यवेक्षण में एक साथ पूरे जिले में आयोजित किया गया। चेकिंग अभियान के तहत जनपद की सभी पांचों कोतवालियों—रुद्रप्रयाग, अगस्त्यमुनि, ऊखीमठ, गुप्तकाशी और सोनप्रयाग की पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सड़कों पर उतरकर संवेदनशील स्थानों की निगरानी की। अवैध शराब और नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए पुलिस ने संदिग्ध स्थानों, होटलों, ढाबों और जिला सीमाओं पर बने बैरियरों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। साथ ही सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी कार्रवाई की गई। शराब पीकर वाहन चलाने, तेज गति, बिना हेलमेट या सीटबेल्ट के वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किए गए और कुछ वाहनों को सीज भी किया गया।शाम के समय बाजारों, बस अड्डों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की पैदल गश्त और मौजूदगी से स्थानीय निवासियों और तीर्थयात्रियों के बीच सुरक्षा का माहौल बना। रुद्रप्रयाग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों और नशा बेचने वालों के खिलाफ आगे भी इस तरह की कार्यवाही निरन्तर जारी रहेगी।
