उत्तराखंड डेली न्यूज:ब्योरो
जनपद में चल रहे “अग्निशमन सेवा सप्ताह” के अन्तर्गत आज फायर स्टेशन रुद्रप्रयाग की टीम द्वारा जन-जागरुकता अभियान चलाया गया। प्रभारी अग्निशमन अधिकारी श्री गणनाथ सिंह बिष्ट के नेतृत्व में टीम ने गुरु राम राय स्कूल, तिलणी में छात्र-छात्राओं और स्कूल स्टाफ को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरुक किया।
कार्यक्रम के दौरान फायर टीम ने आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सूझबूझ से काम लेने पर जोर दिया। प्रशिक्षण में निम्नलिखित विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई-
• अग्निशमन उपकरणों का संचालन – आग बुझाने वाले सिलेंडरों (Fire Extinguishers) को चलाने का व्यवहारिक प्रशिक्षण (Demo) दिया गया।
• बचाव के उपाय – स्कूल और घरों में गैस सिलेंडर या बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगने वाली आग पर काबू पाने के तरीके बताए गए।
• आपातकालीन कार्यवाही – आपात स्थिति में सुरक्षित तरीके से भवन से बाहर निकलने और प्राथमिक चिकित्सा (First Aid) के बारे में समझाया गया।
• त्वरित प्रतिक्रिया का जीवंत प्रदर्शन – अभियान के दौरान फायर टीम ने मॉक ड्रिल के माध्यम से दिखाया कि आग लगने पर कितनी तेजी और कुशलता के साथ प्रतिक्रिया करनी चाहिए। टीम ने स्कूल के मैदान में विभिन्न प्रकार की आग बुझाने का प्रदर्शन कर बच्चों और शिक्षकों को प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, समस्त शिक्षक गण, छात्र-छात्राएं एवं फायर सर्विस के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। सभी उपस्थित लोगों ने फायर टीम के इस प्रयास की सराहना की और अग्नि सुरक्षा के नियमों के पालन का संकल्प लिया।
