
उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो

स्वतंत्रता दिवस के पावन राष्ट्रीय पर्व के दृष्टिगत जनपद में चाक-चौबंद सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के कुशल निर्देशन में आज दिनांक 14.08.2026 की सायंकाल जनपद के समस्त कोतवाली, चौकी एवं यातायात प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक सुरक्षा एवं चेकिंग अभियान चलाया गया।सायंकालीन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीमों द्वारा जनपद के सभी संवेदनशील एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर ‘हाई विजिबिलिटी पुलिसिंग’ के तहत फ्लैग मार्च व सघन पैदल गश्त की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस टीमों द्वारा होटल-ढाबों, लॉज, होम-स्टे एवं सराय आदि का गहन भौतिक सत्यापन व सघन चेकिंग की गई तथा यह चेकिंग अभियान वर्तमान में भी लगातार जारी है। इसके साथ ही प्रमुख बाजारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, बस अड्डों, टैक्सी स्टैंडों, धार्मिक स्थलों तथा यात्रा मार्ग के मुख्य चेक पोस्टों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों, अवांछित वस्तुओं एवं वाहनों की सघन तलाशी ली जा रही है ताकि जनपद में पूर्णतः सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण बना रहे।इसके साथ ही रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा आम जनमानस, होटल-ढाबा संचालकों, व्यापारियों एवं यात्रियों से अपील की गई कि वे सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, लावारिस वस्तु अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना/चौकी या आपातकालीन नंबर 112 पर दें।रुद्रप्रयाग पुलिस आमजन की सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्ण रूप से सतर्क एवं तत्पर है।
👮♂️ रुद्रप्रयाग पुलिस — आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प। 🇮🇳
