उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
उत्तराखंड के नानकमत्ता ही नहीं पूरे ऊधमसिंह नगर जनपद में मतांतरण का खेल व्यापक स्तर पर चल रहा है। थारू, बुक्सा, राय सिख समाज के लोग ईसाई मिशनरियों के निशाने पर हैं। प्रशासन की प्रारंभिक जांच में चौकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। जिसने जनपद की जांच एजेंसियों के साथ ही पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।जिलाधिकारी ने इसमें अहम कदम उठाते हुए एडीएम कौस्तुभ मिश्रा की अध्यक्षता में एक और कमेटी का गठन कर दिया है। यह कमेटी गदरपुर से जसपुर क्षेत्र में मतांतरण के प्रकरणों की जांच करेगी।
कमेटी का गठन
नानकमत्ता के ग्राम नवीनगर में हिंदूवादी संगठनों व ईसाई मिशनरियों के बीच मतांतरण को लेकर आरोप प्रत्यारोप के साथ झड़प के बाद दोनों पक्षों के विरुद्ध पुलिस द्वारा प्राथमिकी पंजीकृत कर दी थी। मतांतरण का मामला गर्माने के बाद जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने एडीएम प्रशासन पंकज उपाध्याय की अगुवाई में कमेटी का गठन कर दिया था।एडीएम पंकज उपाध्याय ने गांव में पहुंच कर जब जांच प्रारंभ की तो वहां चौकाने वाले मामले सामने आए। उन्होंने वहां के जनप्रतिनिधियों के साथ ही ग्रामीणों से वार्ता कर जानकारी ली तो उसमें नवीनगर ही नहीं आस पास के गांवों में भी ईसाई मिशनरी द्वारा रविवार को प्रार्थना सभाएं आयोजित करने की बात सामने आई।प्रारंभिक जांच में मतांतरण की पुष्टि के उपरांत जिलाधिकारी भदौरिया ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एडीएम वित्त एवं राजस्व कौस्तुभ मिश्रा की अगुवाई में एक और कमेटी का गठन कर दिया है। कमेटी का दायरा गदरपुर से जसपुर तक रहेगा। हाल ही में गदरपुर में जिलाधिकारी के निर्देश पर ईसाई समाज के एक धार्मिक स्थल को सील की गई थी। जिससे माना जा रहा है कि गदरपुर क्षेत्र में भी मतांतरण की जांच की जाएगी।
गठित कमेटी में ये रहेंगे शामिल
जनपद में धर्मांतरण की जांच के लिए गठित समिति में एक की कमान एडीएम प्रशासन पंकज उपाध्याय व दूसरी टीम की कमान एडीएम वित्त एवं राजस्व कौस्तुभ मिश्रा के पास होगी। उनके साथ अपर पुलिस अधीक्षक, जिला अल्पसंख्यक अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, संबंधित क्षेत्रों के उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, निरीक्षक, स्थानीय अभिसूचना ईकाई ऊधम सिंह नगर को टीम में शामिल किया गया है।
नवीनगर सहित चार गांवों में चल रही प्रार्थना सभाएं
प्रशासन की प्रारंभिक जांच में नानकमत्ता क्षेत्र में मतांतरण के लिए ईसाई मिशनरी का जाल बिछता नजर आ रहा है। इसमें ग्राम नवीनगर के साथ ही सरौंजा, सुनखरीकलां, देवीपुरा डैम पार पीलाढाई का क्षेत्र भी अछूता नजर नहीं आ रहा है। एडीएम पंकज उपाध्याय ने इन गांवों में जाकर भी लोगों से मुलाकात कर जानकारी ली।
