उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
जनपद रुद्रप्रयाग के विश्व प्रसिद्ध पर्यटन एवं धार्मिक स्थल चोपता (मिनी स्विट्जरलैंड) की स्वच्छता और पारिस्थितिक संतुलन को बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के कुशल निर्देशन में आज एक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग द्वारा दिए गए ‘स्वच्छ देवभूमि’ के विजन को धरातल पर उतारते हुए, एसएचओ ऊखीमठ श्री मनोज नेगी के नेतृत्व में ऊखीमठ पुलिस टीम ने चोपता और उसके आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में सघन सफाई अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीम ने स्वयं कूड़ा एकत्रित कर स्वच्छता का संदेश दिया।
प्रमुख गतिविधियां
जन-जागरुकता – अभियान के दौरान पुलिस टीम ने स्थानीय व्यावसायिक इकाइयों के साथ समन्वय स्थापित किया।
• व्यापारियों को निर्देश – होटल, कैंप और रेस्टोरेंट संचालकों को अपने परिसर के भीतर और आसपास नियमित सफाई रखने के कड़े निर्देश दिए गए।
• पर्यटकों को संदेश – क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों को डस्टबिन का उपयोग करने और प्लास्टिक कचरा खुले में न फेंकने के प्रति जागरुक किया गया।
• प्राकृतिक संरक्षण – सभी हितधारकों से यह अपेक्षा की गई कि वे चोपता की दुर्लभ प्राकृतिक सुंदरता और बुग्यालों की सुरक्षा के लिए पुलिस का सहयोग करें।
• स्थानीय समुदाय का सहयोग- पुलिस की इस पहल की स्थानीय जनता और व्यापारियों ने मुक्तकंठ से सराहना की। स्थानीय निवासियों ने न केवल पुलिस के निर्देशों का स्वागत किया, बल्कि स्वयं भी झाड़ू और कूड़ा बैग लेकर अभियान में श्रमदान किया।”हमारा उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि देवभूमि की प्राकृतिक धरोहर को सुरक्षित रखना भी है। चोपता की सुंदरता पर्यटकों से है, और पर्यटकों का आगमन स्वच्छता पर निर्भर करता है।”मनोज नेगी, एसएचओ ऊखीमठ।भविष्य की रणनीति – ऊखीमठ पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा। सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध पुलिस द्वारा नियमानुसार चालानी कार्यवाही भी अमल में लाई जाएगी, ताकि पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों पर अंकुश लगाया जा सके।
