उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के कुशल निर्देशन में जनपद में संचालित श्री केदारनाथ धाम यात्रा के दृष्टिगत रुद्रप्रयाग पुलिस जहां एक ओर सुगम एवं सुरक्षित यात्रा व्यवस्था सुनिश्चित कर रही है, वहीं दूसरी ओर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं एवं आम जनमानस की सहायता हेतु सदैव तत्परता से कार्य कर रही है। इसी क्रम में आज एक श्रद्धालु का आवश्यक एवं कीमती सामान, नगदी तथा महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा हुआ बैग यात्रा मार्ग पर कहीं अनजाने में गिर गया था श्रद्धालु द्वारा काफी खोजबीन करने के पश्चात भी जब बैग का कोई सुराग नहीं मिला, तो उनके द्वारा अत्यंत व्याकुलता व चिंता की स्थिति में इसकी सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस चौकी जवाड़ी को दी गयी। मामले को अत्यंत संवेदनशीलता से लेते हुये चौकी जवाड़ी पुलिस द्वारा बिना समय गंवाये त्वरित गति से आपसी समन्वय स्थापित कर तथा यात्रा मार्ग पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज का बारीकी से विश्लेषण करने के उपरांत कड़ी मशक्कत के बाद उक्त बैग को सुरक्षित ढूंढ निकालने में सफलता प्राप्त की। इसके पश्चात पुलिस चौकी परिसर में उक्त बैग को श्रद्धालु के सुपुर्द किया गया। अपना खोया हुआ कीमती सामान वापस पाकर श्रद्धालु की आंखों में खुशी के आंसू छलक आये तथा उन्होंने रुद्रप्रयाग पुलिस की इस त्वरित कार्यवाही, संवेदनशीलता और निस्वार्थ सेवा भावना की भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा रुद्रप्रयाग पुलिस का आभार व्यक्त किया।रुद्रप्रयाग पुलिस श्री केदारनाथ धाम आने वाले सभी श्रद्धालुओं से अपील करती है, कि यात्रा के दौरान अपने कीमती सामान, मोबाइल एवं दस्तावेजों का विशेष ध्यान रखें। वाहनों पर उतरते-चढ़ते समय अथवा सार्वजनिक स्थलों पर आपने सामान की भली-भांति जांच कर लें। किसी भी प्रकार की असुविधा, आपातकालीन स्थिति अथवा सामान गुम होने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाने/चौकी को सूचित करें या आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क करें।
