उत्तराखंड डेली न्यूज़ :ब्योरो
तीजा बागड़ा पत्नी रामस्वरूप बागड़ा, निवासी लुनियावास (जयपुर), अपने साथियों के साथ श्री केदारनाथ मंदिर के दर्शन हेतु आई थीं। दर्शन के दौरान वे मंदिर परिसर में अपने साथियों से बिछुड़ गईं। वह काफी घबरा गईं और भारी बर्फबारी के कारण ठंड से भी परेशान थीं। उनके पास कोई पहचान पत्र या पैसे नहीं थे, और अधिक उम्र होने के कारण वे ठीक से संवाद भी नहीं कर पा रही थीं।पुलिस ने उन्हें खोया-पाया केंद्र में सुरक्षित रखा। उन्हें गर्म कपड़े, जूते, भोजन और ठंड से बचाव के लिए आश्रय उपलब्ध कराया गया। बाद में एक ऐसे व्यक्ति की मदद ली गई जो उनकी भाषा समझ सकता था। बातचीत के बाद उनकी पहचान और पता पता चला, और यह भी जानकारी मिली कि वे 19 लोगों के समूह के साथ यात्रा पर आई थीं।इसके बाद पुलिस ने तुरंत रुद्रप्रयाग कंट्रोल रूम और सोनप्रयाग यात्रा कंट्रोल को सूचना दी। सभी रास्तों की पुलिस चौकियों को भी अलर्ट किया गया।काफी खोजबीन के बाद उनके परिजन जंगल चट्टी में मिल गए। उन्होंने अनुरोध किया कि महिला को गौरीकुंड भेज दिया जाए, जहां वे उन्हें प्राप्त करेंगे।इसके बाद पुलिस ने पिट्ठू की मदद से उन्हें सुरक्षित गौरीकुंड भेजा और रास्ते के लिए भोजन हेतु कुछ सहायता भी दी। अंत में रात लगभग 10 बजे उनके परिजनों ने उन्हें गौरीकुंड में सुरक्षित रूप से प्राप्त कर लिया।
