उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
प्रगति को लेकर की गई समीक्षा में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने रिंग रोड बाईपास पर दिया जोर- कांवड़ और कुंभ में व्यवस्थित रूप से यातायात व्यवस्था संचालन के लिए बाईपास मार्ग जरूरीमाई सिटी रिपोर्टर
हरिद्वार। मेलाधिकारी सोनिका ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कुंभ क्षेत्र में चल रहे सभी राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे करने को कहा है। मेलाधिकारी ने परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त किया। वहीं, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने रिंग रोड बाईपास निर्माण पर कहा कि कांवड़ में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए बाईपास मार्ग को पूरा करना बेहद आवश्यक है। बृहस्पतिवार को हुई समीक्षा बैठक में अधिकारियों को कार्यस्थलों पर संसाधनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। इसमें निर्माण सामग्री ढोने के लिए अतिरिक्त वाहनों की व्यवस्था करने को भी कहा गया। मेलाधिकारी ने हरिद्वार बाईपास-रिंग रोड समेत कई अन्य परियोजनाओं की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के हरिद्वार स्पर और हरिद्वार-नगीना मार्ग भी इनमें शामिल किए गए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों से प्रमुख सड़कों पर जाम लग रहा है। इससे सुचारु ट्रैफिक संचालन में बाधा आ रही है। उन्होंने परियोजना निदेशकों को व्यक्तिगत रूप से निगरानी करने का निर्देश दिया।जिलाधिकारी ने कहा कांवड़ के दौरान निर्माण कार्य के चलते व्यवस्था बिगड़ी तो जिम्मेदार नपेंगे,जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कांवड़ यात्रा नजदीक होने और निर्माण कार्यों की शिथिलता को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने सुरक्षा प्रबंधों पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्यों से कांवड़ यात्रा में अव्यवस्था हुई तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी और कार्रवाई की जाएगी। बैठक में एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल, प्रभागीय वनाधिकारी स्वप्निल अनिरुद्ध, पुलिस अधीक्षक ट्रैफिक निशा यादव, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, सचिव एचआरडीए प्रत्यूष सिंह, परियोजना निदेशक एनएचएआई रुड़की विशाल गोयल समेत अन्य अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
कांवड़ यात्रा और सुरक्षा पर जोर
मेलाधिकारी सोनिका और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जगजीतपुर और बहादराबाद क्षेत्र के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों से कांवड़ यात्रा या कुंभ मेले में कोई बाधा नहीं आनी चाहिए। कहा, किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही न की जाए। राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षा प्रबंधन, दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुधार और आवश्यक उपाय अपनाने के निर्देश दिए गए।
