उत्तराखंड डेली न्यूज:ब्योरो
देहरादून आरटीओ कार्यालय में आज हाईटेक ई-लॉबी का लोकार्पण किया गया। परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने फीता काटकर ई-लॉबी का शुभारंभ किया। इस नई डिजिटल सुविधा के शुरू होने से अब आम जनता को लंबी लाइनों में लगने से राहत मिलेगी और कई सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगी।
इस हाईटेक ई-लॉबी का उद्देश्य परिवहन विभाग की सेवाओं को अधिक सरल, पारदर्शी और डिजिटल बनाना है। अब लोगों को अलग-अलग काउंटरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन संबंधी जानकारी और अन्य परिवहन सेवाएं एक ही स्थान पर आसानी से मिल सकेंगी। इससे लोगों का समय बचेगा और कार्यालय में भीड़ भी कम होगी। इस दौरान परिवहन मंत्री ने बताया कि डिजिटल व्यवस्था लागू होने से कार्यों में तेजी आएगी और आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उद्घाटन कार्यक्रम में विभागीय अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।
