उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी अलर्ट मोड में आ चुके हैं। पिछले सप्ताह डीएम जसजीत कौर व एसपी अभिषेक झा ने कई विभागों के अधिकारियों के साथ धामपुर तहसील क्षेत्र के विभिन्न कांवड़ मार्गों का निरीक्षण किया था। इस बार पुलिस ने कांवड़ मार्गों पर दुर्घटनाओं को रोकने और शिवभक्तों की आड़ में हुड़दंग करने वालों पर पैनी नजर रखने के लिए प्लान तैयार किया है।धामपुर से गुजर रहा हरिद्वार-काशीपुर नेशनल हाईवे भी इसमें शामिल है। इस बार दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस हल्के व भारी वाहनों को हाईवे से नहीं गुजारेगी। धामपुर तहसील के नहटौर से होकर कोतवाली देहात हाेते हुए वाहन नगीना-नजीबाबाद की ओर जाएंगे।धामपुर तहसील से गुजर रहा हरिद्वार-काशीपुर नेशनल हाईवे नगीना व धामपुर से होता हुआ शेरकोट, भूतपुरी, अफजलगढ़ व रेहड़ से रायपुरी बार्डर हाेते हुए उत्तराखंड के जसपुर व काशीपुर को जाता है। इस रूट पर बड़ी संख्या में शिवभक्त आते हैं।उत्तराखंड के अलावा उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, बदायूं आदि स्थानों के कांवड़िये भी यहीं से गुजरते हैं। जिनमें बड़ी संख्या में पैदल के अलावा डाक कांवड़ व बाइक सवार भी शामिल रहते हैं।
हादसे रोकने की तैयारी
यहां से गुजर रहा नेशनल हाईवे फोर लेन है। हर वर्ष कावंड़ियों की सुविधा के लिए एक साइड की दो लेन उनके लिए रिजर्व कर दी जाती हैं। केवल दूसरी साइड की दो लेन से ही आम जनता के वाहन गुजरते हैं। ऐसे में सिंगल रूट होने के कारण एक ही लेन पर आमने-सामने से आने वाले वाहनों के चलते कई हादसे होते हैं।इस बारे में सीओ धामपुर अन्जनी कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि सरकार व प्रशासन का उद्देश्य कांवड़ मार्ग को पूरी तरह हादसों से मुक्त बनाना है। ऐसे में विशेष रूप से वाहनों पर नजर रहेगी।
नहटौर से गुजरेंगे वाहन
सीओ अन्जनी कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि धामपुर क्षेत्र में हाईवे पर दुर्गा विहार कालोनी से एक बाइपास बना है, जिससे नहटौर, हल्दौर, बिजनौर को वाहन जाते हैं। उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा में हाईवे वन-वे होने के चलते उक्त स्थानों से आने वाले वाहन धामपुर से हाईवे पर चढ़ते हैं। जिससे अधिक वाहनों के चलते हादसों का डर रहता है।उन्होंने बताया कि इस बार वाहनों को हाईवे के स्थान पर धामपुर में प्रयास चौक से नहटौर, कोतवाली देहात से होते हुए नगीना-नजीबाबाद की ओर भेजा जाएगा। वहां से वाहन सीधे फ्लाईओवर पर चढ़ जाएंगे, जिसे हाईवे पर कांवड़ रूट खाली रहेगा, जिससे हादसों का अंदेशा नहीं होगा।सीओ ने बताया कि क्षेत्र में लगभग 20 किलोमीटर के कांवड़ रूट पर प्रत्येक दो किलोमीटर पर पुलिस पिकेट होगी। जहां पुलिसकर्मी तैनात रहकर व्यवस्था को दुरुस्त करेंगे। वहीं पूरे कांवड़ मार्ग को सीसीटीवी से लैस किया गया है, जिससे कहीं भी काेई गड़बड़ी पाई जाने या घटना होने पर पुलिस पैनी नजर रखेगी और तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू करेगी।
