उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
आज दिनांक 28 मई 2026 को रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा भीमबली के पास चेकिंग के दौरान तीर्थयात्रियों से ओवररेटिंग करने वाले घोड़ा हॉकर्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। नरसिंहपुर करेली, इंदौर (मध्य प्रदेश) से श्री केदारनाथ धाम दर्शन हेतु आ रहे यात्री दिनेश विश्वकर्मा, राकेश पटेल, दीपक राय, श्रीमती निर्मला, श्रीमती संगीता गाडेकर और श्रीमती मालिनी रखूंदे से गौरीकुंड के पास कुछ घोड़ा हॉकर्स द्वारा 6 घोड़ों का करीब 39,500 रुपये ले लिया गया था। इन घोड़ा हॉकर्स द्वारा यात्रियों की जिला पंचायत से कोई पर्ची भी नहीं काटी गई थी और उनसे तय दर से काफी अधिक पैसा वसूला जा रहा था। भीमबली के पास जब इन घोड़ा हॉकर्स को रोककर यात्रियों से पर्ची मांगी गई, तो यात्रियों ने बताया कि उनसे गौरीकुंड से श्री केदारनाथ धाम तक पहुंचाने के लिए 6,500 रुपये प्रति सवारी के हिसाब से ओवर रेट लिया गया है, जबकि गौरीकुंड से श्री केदारनाथ तक का सरकारी रेट 3,500 रुपये निर्धारित है।पुलिस द्वारा जब इन घोड़ा हॉकर्स से घोड़ों का लाइसेंस मांगा गया, तो उनके पास कोई वैध लाइसेंस भी नहीं मिला क्योंकि उक्त घोड़े सवारी के न होकर माल वाहक घोड़े थे। यात्रियों के साथ हुई इस धोखाधड़ी पर पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए यात्रियों का पूरा पैसा वापस करवाया। नियमों का उल्लंघन करने और बिना लाइसेंस व बिना पर्ची के अवैध रूप से ओवररेटिंग करने वाले इन घोड़ा हॉकर्स का पुलिस द्वारा 81 पुलिस एक्ट में चालान किया गया है। पुलिस प्रशासन द्वारा यात्रा मार्ग पर अनधिकृत गतिविधियों और तीर्थयात्रियों से ठगी करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
