उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
भारतीय वेटलिफ्टर लवप्रीत सिंह ने गुरुवार देर रात (भारतीय समयानुसार) कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पुरुषों के 110+ किलोग्राम भार वर्ग में सिल्वर मेडल जीतकर भारत की झोली में एक और पदक डाला। लवप्रीत कुल 388 किग्रा वजन उठाकर गोल्ड मेडल से महज एक किलोग्राम पीछे रह गए। न्यूजीलैंड के डेविड लिटी ने 389 किग्रा के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि इंग्लैंड के एंड्रयू ग्रिफिथ्स ने 356 किग्रा के साथ ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।
स्नैच में सबसे आगे रहे लवप्रीत
लवप्रीत सिंह ने स्नैच स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए सबसे अधिक 176 किग्रा वजन उठाया। उन्होंने पहले प्रयास में 168 किग्रा और दूसरे प्रयास में 173 किग्रा सफलतापूर्वक उठाया। तीसरे प्रयास में 176 किग्रा वजन उठाकर उन्होंने न्यूजीलैंड के डेविड लिटी पर 10 किग्रा की बढ़त बना ली थी।
क्लीन एंड जर्क में एक किलोग्राम से छूटा स्वर्ण
क्लीन एंड जर्क में लवप्रीत ने 205 किग्रा और 212 किग्रा वजन सफलतापूर्वक उठाया। इसके बाद उन्होंने 217 किग्रा की अंतिम लिफ्ट का प्रयास किया, लेकिन इसमें सफलता नहीं मिली। दूसरी ओर, स्नैच में 166 किग्रा वजन उठाने वाले डेविड लिटी ने क्लीन एंड जर्क में 223 किग्रा उठाकर कुल 389 किग्रा का स्कोर बनाया और एक किलोग्राम के अंतर से स्वर्ण पदक जीत लिया।
पंजाब के अमृतसर से अंतरराष्ट्रीय मंच तक का सफर
6 सितंबर 1997 को पंजाब के अमृतसर जिले के बाल सचंदर गांव में जन्मे लवप्रीत सिंह ने वर्ष 2010 में 13 वर्ष की उम्र में वेटलिफ्टिंग की शुरुआत की। स्थानीय खिलाड़ियों से प्रेरित होकर उन्होंने स्थानीय कोचों के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लिया। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने अपने प्रदर्शन में लगातार सुधार किया और जूनियर व सीनियर स्तर पर कई सफलताएं हासिल कीं।
राष्ट्रीय कैंप से मिली नई पहचान
वर्ष 2017 में लवप्रीत स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) के पटियाला स्थित राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर से जुड़े। इससे पहले वह राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पंजाब का प्रतिनिधित्व कर चुके थे। शुरुआती दौर में उन्होंने 105 किलोग्राम वर्ग में हिस्सा लिया और जूनियर कॉमनवेल्थ तथा एशियाई जूनियर चैंपियनशिप में पदक जीते।
पहले भी जीत चुके हैं कॉमनवेल्थ पदक
अंतरराष्ट्रीय वेटलिफ्टिंग महासंघ (आईडब्ल्यूएफ) की नई भार श्रेणियां लागू होने के बाद लवप्रीत 109 किलोग्राम वर्ग में पहुंचे। उन्होंने 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल और 2022 कॉमनवेल्थ वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। अब कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में सिल्वर मेडल जीतकर उन्होंने भारत के लिए एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
