उत्तराखंड डेली न्यूज़ :ब्योरो
श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल कर्णप्रयाग(जयकंडी) के पूर्व छात्र कर्णप्रयाग निवासी अनुराग पुरोहित ने इस वर्ष नीट परीक्षा में आल इंडिया रैंक 1202 प्राप्त कर अपने क्षेत्र तथा विधालय का गौरव बढ़ाया है।अनुराग ने इस बार की नीट परीक्षा में 720 में से 655 अंक प्राप्त कर AIR-1202 तथा 99.9397468 पर्सेंटाइल प्राप्त किया। अनुराग पुरोहित ने यह सफलता अपने चौथे प्रयास में प्राप्त की। इससे पूर्व अपने तीसरे प्रयास में भी अनुराग ने सफलता प्राप्त कर दून मेडिकल कॉलेज में प्रवेश लिया तथा वर्तमान् में वह दून मेडिकल कालेज में एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्र के रूप में अध्ययन कर रहे हैं।परंतु उनका प्रारम्भ से ही लक्ष्य अखिल भारतीय आयुर्वेदिक संस्थान से मेडिकल की पढ़ाई करने का था।आल इंडिया रैंक 1202 प्राप्त कर उन्होने अखिल भारतीय आयुर्वेदिक संस्थान में प्रवेश का मार्ग सुनिश्चित कर दिया है।
अनुराग ने वर्ष 2022 में श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल कर्णप्रयाग से अपनी कक्षा-12 की बोर्ड परीक्षा 93.60 प्रतिशत अंकों से उत्तीर्ण कर विधालय में दूसरा स्थान प्राप्त किया।अनुराग ने अपनी नीट परीक्षा की तैयारी घर पर रहकर ही प्राप्त की। अनुराग एक सामान्य मध्यम वर्गीय परिवार से संबंध रखता है।अनुराग के पिताजी श्री अशोक पुरोहित की अपनी चाय की दुकान थी । कुछ वर्ष पूर्व उनका देहांत हो गया था तथा तब से उनकी माता श्रीमती गीता देवी सब्जी की दुकान चलाकर अपने बच्चों का पालन पोषण कर रही हैं । श्रीमती गीता देवी ने अथक कठिन परिश्रम कर अनुराग को आज इस मुकाम पर लाकर खड़ा किया है। अनुराग के परिवार में माता गीता देवी के अलावा उनकी एक छोटी बहिन भी है।अनुराग पुरोहित की इस उपलब्धि से समस्त गुरु राम राय पब्लिक स्कूल कर्णप्रयाग के छात्रों व अभिभावकों में खुशी का माहौल है।श्री गुरु राम राय एजुकेशन मिशन के चेयरमेन श्री महंत देवेंद्र दास जी महाराज , विधालय प्रधानाचार्य बुद्धिबल्लभ डोभाल व विधालय के शिक्षकों श्री सुमन कुमार, गंभीर सिंह ,संगीता पँवार , सोनाली बिष्ट व रितु मैठानी आदि ने अनुराग को उनकी इस सफलता के लिए शुभकामनायें दी हैं एवं उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।
