उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
लोग कई दिनों से भीषण गर्मी से जूझ रहे हैं। मॉनसून अंडमान और निकोबार द्वीप पहुंच गया है। इससे झमाझम बारिश शुरू हो गई। अब 26 मई को मॉनसून के केरल पहुंचने की संभावना है।भीषण गर्मी में लोग जिस मॉनसून का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, वह आ गया। हालांकि, अभी अंडमान सागर, अंडमान और निकोबार द्वीप और बंगाल की खाड़ी में ही मॉनसून पहुंचा है, जिससे झमाझम बारिश शुरू हो गई। केरल में 26 मई तक मॉनसून आएगा। इसके बाद से ही आगे के राज्यों में यह दस्तक देता है। इस बार समय से पहले मॉनसून केरल पहुंचने वाला है।मौसम विभाग ने मॉनसून पर जानकारी देते हुए कहा, ”दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 16 मई 2026 को आधिकारिक तौर पर दक्षिण-पूर्वी अरब सागर, दक्षिण-पश्चिमी और दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर के कई हिस्सों, पूरे निकोबार द्वीप समूह और अंडमान द्वीप समूह के कुछ हिस्सों (श्री विजया पुरम सहित) में आगे बढ़ गया है। मॉनसून के केरल 26 मई (± 4 दिन) को पहुंचने की संभावना है।”IMD ने यह भी बताया कि अगले तीन-चार दिनों के दौरान मॉनसून के दक्षिण-पूर्वी अरब सागर और दक्षिण-पश्चिमी तथा दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए स्थितियां अनुकूल हैं।इस दौरान अंडमान द्वीप समूह और अंडमान सागर के शेष हिस्सों के साथ-साथ पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में भी मॉनसून की शुरुआत हो सकती है। IMD ने कहा, “इस क्षेत्र में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए सभी मापदंड पूरे हो गए हैं।” विभाग ने शुक्रवार को बताया था कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के केरल में 26 मई को समय से पहले शुरू होने की उम्मीद है।केरल में आमतौर पर मॉनसून की शुरुआत एक जून को होती है, जो दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के मौसम (जून से सितंबर) की शुरुआत का संकेत है। इससे पहले, IMD ने बताया था कि इस साल मॉनसून के मौसम के दौरान भारत में सामान्य से कम बारिश हो सकती है। ऐसा इस मौसम के दौरान ‘अल नीनो’ (El Nino) की स्थितियों के बनने के कारण हो सकता है, जिसके चलते देश में कम बारिश होती है।इस बीच, मौसम विभाग ने शनिवार को देश के 19 से अधिक राज्यों में आंधी-तूफान और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है जबकि बिहार और अंडमान में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं चलने की चेतावनी दी है। दिल्ली में अधिकतम तापमान में लगभग 1-2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि और न्यूनतम तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गयी है। पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली में अधिकतम तापमान 40-41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24-25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान आसमान आम तौर पर साफ रहा।
