उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर)-2026 अभियान के तहत देहरादून में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य ने गति पकड़ ली है। जिले के सभी 13,76,813 मतदाताओं तक गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण पूरा कर लिया गया है।इनमें से 11,88,720 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन भी पूरा हो चुका है, जो कुल का 86.34 प्रतिशत है। शेष प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन और सत्यापन युद्धस्तर पर किया जा रहा है।सोमवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डा. आशीष चौहान ने ऋषिपर्णा सभागार कलेक्ट्रेट में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ अभियान की समीक्षा की।उन्होंने निर्देश दिए कि जिन मतदाताओं के गणना प्रपत्र अभी तक प्राप्त नहीं हुए हैं, उनके घरों पर दोबारा संपर्क कर प्रपत्र भरवाए जाएं। सभी बीएलओ और सुपरवाइजर नियमित रूप से क्षेत्र में रहकर अभियान की निगरानी करें।बैठक में बताया गया कि अप्राप्त प्रपत्रों को मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित, अनुपस्थित, पूर्व से पंजीकृत और अन्य श्रेणियों में वर्गीकृत किया गया है।सभी मामलों का दोबारा सत्यापन किया जा रहा है और आवश्यकता पड़ने पर बीएलए-2 का सहयोग भी लिया जाएगा।जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से अपने-अपने बूथ स्तरीय अभिकर्ताओं (बीएलए) के माध्यम से अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की।उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे, इसके लिए सभी संबंधित विभागों और राजनीतिक दलों का समन्वित सहयोग जरूरी है। बैठक में दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया और निर्वाचक नामावली के प्रकाशन की समय-सारिणी पर भी चर्चा की गई।
