उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी एक बार फिर विवादों में हैं। इस बार वजह बनी उनकी स्कूटी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पेट्रोल बचाओ अभियान से प्रेरित होकर मंत्री जोशी ने स्कूटी से दफ्तर जाने का फैसला किया। लेकिन सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि जिस स्कूटी से मंत्री जी दफ्तर पहुंचे, उसका इंश्योरेंस ही खत्म हो चुका है।प्रधानमंत्री की अपील पर पेट्रोल बचाने निकले कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी खुद नियमों के पेंच में फंस गए। मंत्री जी ने स्कूटी से कार्यालय तक का सफर तय किया और लोगों से तेल बचाने की अपील की। लेकिन जैसे ही उनकी स्कूटी वाली तस्वीर वायरल हुई, सोशल मीडिया यूजर्स ने स्कूटी का नंबर ट्रेस कर दिया। दावा किया जा रहा है कि इस स्कूटी का इंश्योरेंस एक्सपायर हो चुका है। बस फिर क्या था, मंत्री जी ट्रोल होने लगे। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जनता को नियम-कानून का पाठ पढ़ाने वाले मंत्री खुद बिना इंश्योरेंस की गाड़ी चला रहे हैं। विपक्ष ने भी इस मुद्दे को लपक लिया है और इसे कथनी और करनी का फर्क बताया है। बताते चले कि गणेश जोशी पहले भी अपने बयानों और फैसलों को लेकर विवादों में रह चुके हैं। इस बार पीएम मोदी के अभियान का पालन करना उन्हें ही भारी पड़ गया।
