उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का किया आह्वान
देहरादून। उत्तराखंड क्रांति दल के 48वें स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में एक महत्वपूर्ण विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड
राज्य आंदोलन के महानायक स्व. इंद्रमणि बडोनी तथा राज्य आंदोलन के सभी अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने राज्य निर्माण के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले शहीदों के योगदान को नमन करते हुए उनके सपनों के उत्तराखंड के निर्माण का संकल्प लिया।अपने संबोधन में केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल राज्य आंदोलन की मूल भावना और जन आकांक्षाओं का प्रतिनिधित्व करने वाला दल है। आगामी विधानसभा चुनाव राज्य के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है और प्रत्येक कार्यकर्ता को व्यक्तिगत मतभेदों से ऊपरउठकर संगठन को मजबूत बनाने तथा जनता के बीच पार्टी की नीतियों और विचारधारा को पहुंचाने का कार्य करना होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तराखंड क्रांति दल पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में उतरेगा। वरिष्ठ नेता लताफ़क हुसैन ने भी राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके संघर्ष और बलिदान को प्रेरणास्त्रोत बताया।कार्यक्रम में कार्यकारी अध्यक्ष पंकज व्यास, कार्यकारी अध्यक्ष जय प्रकाश उपाध्याय, केंद्रीय महामंत्री (संगठन) गणेश काला, केंद्रीय महामंत्री कैलाश देवरानी सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
