उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
केदारनाथ धाम के दर्शन के उपरान्त वापस आते समय आते समय गौरीकुण्ड में श्रद्धालु श्रीमती ललिता देवी उम्र 82 वर्ष, पत्नी श्री कन्हैया सिंह, निवासी भगुआ, बिहार अपने परिजनों से बिछड़ गई थी। अत्यधिक उम्र होने और परिजनों का कोई संपर्क नंबर न होने के कारण वृद्ध महिला काफी परेशान थी, गौरीकुंड में ड्यूटी पर तैनात आरक्षी विजय कुमार की नजर जब इन पर पड़ी, तो उन्होंने तत्काल महिला श्रद्धालु को सहारा दिया और ढांढस बंधाया। आरक्षी विजय कुमार द्वारा संवेदनशीलता दिखाते हुये विभिन्न माध्यमों से अथक प्रयास किये गये। आखिरकार उनके प्रयास रंग लाये और श्रद्धालु ललिता देवी के परिजन मिल पाये। तत्पश्चात श्रद्धालु ललिता देवी को उनके परिजनों के सकुशल सुपुर्द किया गया।अपने परिवार की बुजुर्ग महिला को सुरक्षित पाकर परिजनों की आंखें भर आयी। उन्होंने संकट के समय में मदद करने वाली रुद्रप्रयाग पुलिस की भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा सहृदय धन्यवाद ज्ञापित किया।
