उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
रुद्रप्रयाग पुलिस की सजगता और मानवीय दृष्टिकोण के चलते कर्नाटक से उत्तराखण्ड तीर्थ यात्रा पर आए एक लापता और अस्वस्थ व्यक्ति को सकुशल ढूंढकर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। आज दिनांक 15 जून 2026 को पुलिस चौकी जवाड़ी (रुद्रप्रयाग) में जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद युवक को उसके भाई और जीजा के सुपुर्द किया गया।दरअसल चौकी जवाड़ी क्षेत्रान्तर्गत ड्यूटी के दौरान पुलिस बल को परेशानी की स्थिति में एक व्यक्ति मिला और उससे बात करने पर पता चला कि वह यहां पर यात्रा पर आया है और अपने घर से किसी कारण से नाराज चल रहा है। उसने अपना नाम शिवकुमार बताया। इस पर पुलिस के द्वारा इसके द्वारा बताए गए पते के अनुसार कर्नाटक राज्य की पुलिस से सम्पर्क स्थापित किया गया तो ज्ञात हुआ कि यह व्यक्ति अपने घर से नाराज होकर निकला था और इसके सम्बन्ध में कर्नाटक के रायचूर जिले के मार्केट यार्ड पुलिस स्टेशन में शिवकुमार (उम्र 38 वर्ष) की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज थी। वह बीते 7 जून को अपने घर से उत्तराखण्ड के धार्मिक स्थलों (केदारनाथ, बद्रीनाथ और हरिद्वार) की यात्रा पर निकले थे, लेकिन उसके बाद से उनका अपनी पत्नी ज्योति से सम्पर्क टूट गया था और मोबाइल भी बंद आ रहा था।पुलिस टीम ने स्थिति की गम्भीरता को भांपते हुए युवक को अपनी सुरक्षा में लिया और उसका आवश्यक उपचार करवाया। इसके बाद रुद्रप्रयाग पुलिस ने कर्नाटक में उनके परिजनों से सम्पर्क स्थापित किया। कर्नाटक से उत्तराखण्ड की दूरी अधिक होने के कारण परिजनों को यहां पहुंचने में करीब तीन दिन का समय लगा। इस दौरान रुद्रप्रयाग पुलिस ने युवक को सुरक्षित संरक्षण में रखा और उसके रहने, खाने-पीने व दवाई का पूरा प्रबन्ध किया।आज दिनांक 15 जून 2026 को लापता युवक को लेने उनके जीजा शरणगौड़ा और भाई पुलिस चौकी जवाड़ी पहुंचे। पुलिस ने युवक को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया। युवक के परिजनों (जो स्वयं भी पुलिस पृष्ठभूमि से जुड़े हैं) ने संकट की इस घड़ी में रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा की गई त्वरित सहायता, देखभाल और इस सराहनीय कार्य के लिए उत्तराखण्ड पुलिस का दिल से आभार व्यक्त किया।
