उत्तराखंड डेली न्यूज:ब्योरो
उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में सफर करना अब यात्रियों के लिए जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है। बुधवार सुबह मासी से अल्मोड़ा आ रही रोडवेज बस के क्लच में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। द्वाराहाट नगर पंचायत पार्किंग के पास जब बस के ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया तो उसमें सवार 18 यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। गनीमत ये रही कि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए किसी तरह बस को सुरक्षित रोक लिया जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया।रोडवेज की बस (यूके 077 पीए 2477) बुधवार सुबह छह बजे मासी से अल्मोड़ा के लिए रवाना हुई। मासी-अल्मोड़ा मोटर मार्ग पर द्वाराहाट नगर पंचायत पार्किंग के पास बस के क्लच में अचानक खराबी आ गई। इससे बस में सवार 18 यात्रियों में चीख पुकार मच गई। चालक ने सूझबूझ से बस को रोका जिससे हादसा होने से बच गया। बस दस सवारियां अल्मोड़ा शहर की थीं। चालक ने बस में सवार सभी यात्रियों को अन्य वाहनों में बैठाकर गंतव्य के लिए भेजा। आधे रास्ते में बस खराब होने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।सफर बीच रास्ते में हांफ रही हैं रोडवेज की बूढ़ी बसें, यात्री परेशान,कभी इंजन की फैन बेल्ट टूट रही तो कभी क्लच और प्रेशर पाइप दे रहे जवाब,उत्तराखंड परिवहन निगम की खस्ताहाल बसें यात्रियों के सफर का मजा किरकिरा कर रही हैं। पहाड़ के सर्पीले और खतरनाक रास्तों पर रोडवेज की बूढ़ी (उम्र पूरी कर चुकी) बसें बीच सफर में ही दम तोड़ रही हैं। कभी इंजन की फैन बेल्ट टूट जाती है तो कभी क्लच और प्रेशर पाइप जवाब दे जाते हैं। रखरखाव के अभाव में हांफ रही इन बसों के कारण यात्रियों को बीच रास्ते में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।अल्मोड़ा रोडवेज डिपो से देहरादून, चंडीगढ़, लखनऊ, गुरुग्राम और दिल्ली समेत कई प्रमुख और लंबे रूटों पर बसों का संचालन किया जाता है लेकिन इन बसों के कल-पुर्जे कब और कहां जवाब दे दें इसका कोई भरोसा नहीं है। पिछले कुछ समय में ही ऐसी कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं जिसने रोडवेज के दावों की पोल खोलकर रख दी है।
– 28 जुलाई 2025 : हरिद्वार से अल्मोड़ा आ रही बस चौघानपाटा के बीच सड़क पर खराब हो गई।
– 30 अगस्त 2025 : अल्मोड़ा-मासी रूट की बस करबला के पास खराब हुई।
– 20 सितंबर 2025 : कार्यशाला से निकली मासी बस ने करबला के पास पानी छोड़ना शुरू कर दिया।
– सितंबर 2025 में : बरेली से बागेश्वर जा रही बागेश्वर डिपो की बस चौघानपाटा के बीच रास्ते में ही खड़ी हो गई थी।
– एक अक्तूबर : वर्कशॉप से स्टेशन आ रही अल्मोड़ा-चंडीगढ़ बस का माॅल रोड पर पीएनबी के पास प्रेशर पाइप फट गया था।चालक ने बस के क्लच में खराबी आने की सूचना दी थी। इसके तुरंत बाद रानीखेत डिपो से तकनीकी कर्मचारियों को मौके पर भेजकर बस की मरम्मत का काम शुरू करवा दिया गया है।
