उत्तराखंड डेली न्यूज:ब्योरो
विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग भगवान श्री केदारनाथ धाम के कपाट कल दिनांक 22 अप्रैल, 2026 को प्रातः 08:00 बजे आम श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ विधि-विधान के साथ खोल दिए जाएंगे। बाबा केदार की पावन पंचमुखी डोली आज केदारनाथ धाम पहुंच चुकी है, जिसके स्वागत हेतु भारी संख्या में श्रद्धालु भी धाम में एकत्रित हो गए हैं। यात्रा के इस पावन अवसर पर जनपद पुलिस एवं प्रशासन द्वारा सुरक्षा और व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग सुश्री नीहारिका तोमर ने केदारनाथ से जानकारी साझा करते हुए बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने हेतु जनपद पुलिस के साथ-साथ पी.ए.सी. (PAC) और आई.टी.बी.पी. (ITBP) की टुकड़ियों को संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त, सुरक्षा के मद्देनजर आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) और बम निरोधक दस्ता (BDS) की टीमें भी मुस्तैद हैं, जिनके द्वारा निरंतर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है ताकि यात्रा निर्बाध रूप से संपन्न हो सके। पुलिस अधीक्षक ने देश-विदेश से आने वाले सभी श्रद्धालुओं का हार्दिक स्वागत करते हुए उनके मंगलमय प्रवास की कामना की है। उन्होंने सभी यात्रियों से विशेष अपील की है कि वे केदारपुरी की मर्यादा और धाम की उच्च धार्मिक पवित्रता को बनाए रखने में अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करें। रुद्रप्रयाग पुलिस प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा और सुविधा हेतु पूरी प्रतिबद्धता के साथ सेवा में तत्पर है।
