उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
थराली / चमोली जनपद के कांडई पुल के पास बनाला क्षेत्र में हिम ऊर्जा पावर प्रोजेक्ट में ओवरफ्लो होने से लोक निर्माण विभाग की सड़क को भारी नुकसान पहुंचा है। ओवरफ्लो के बाद पाइप फटने से तेज पानी और मलबा सड़क पर आ गया, जिससे करीब 100 मीटर सड़क प्रभावित हुई है।लोक निर्माण विभाग ने नुकसान का प्रारंभिक आकलन 15 लाख रुपये से अधिक किया है। विभाग जल्द ही हिम ऊर्जा को क्षतिपूर्ति के लिए नोटिस भेजने की तैयारी में है।बताया जा रहा है कि परियोजना में अचानक ओवरफ्लो होने के बाद पानी का तेज बहाव बाहर आया। पाइप फटने से पानी और मलबे ने सड़क को अपनी चपेट में ले लिया। सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के साथ ही करीब 50 मीटर से अधिक पेंटिंग भी पूरी तरह बर्बाद हो गई।लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अनूप सिंह के अनुसार, घटना से विभाग की सड़क को करीब 15 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि परियोजना और लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर संयुक्त रूप से मौके का निरीक्षण कर वास्तविक क्षति का आकलन करेंगे। इसके बाद हिम ऊर्जा से क्षतिपूर्ति की कार्रवाई की जाएगी।गनीमत रही कि जिस समय यह घटना हुई, उस दौरान सड़क से कोई राहगीर या वाहन नहीं गुजर रहा था। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है।स्थानीय लोगों का कहना है कि हिम ऊर्जा परियोजना में ओवरफ्लो की स्थिति पहले भी सामने आ चुकी है। बार-बार ऐसी घटनाएं होने से परियोजना की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से पूरे मामले की जांच कराने, सुरक्षा मानकों की समीक्षा करने और भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
