उत्तराखंड डेली न्यूज:ब्योरो
उत्तरकाशी। महाराष्ट्र के अकोला, बुलडाणा जनपद से चारधाम यात्रा पर आए 70 सदस्यीय यात्रियों के दल ने सोमवार को उत्तरकाशी पहुंचने पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान से मुलाकात की। इस दौरान दल के सदस्यों ने चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए बेहतर यात्रा प्रबंधन के लिए सरकार और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।यात्रियों ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान प्रशासन की ओर से यात्रियों की सुविधा, मार्ग व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने को लेकर किए जा रहे प्रयासों से उन्हें काफी मदद मिली है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में यात्रा के दौरान प्रशासन और स्थानीय स्तर पर मिल रहे सहयोग से यात्रा का अनुभव सुखद बना है। दल के सदस्यों ने जिलाधिकारी को धन्यवाद देते हुए कहा कि यात्रा मार्ग पर व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए किए जा रहे प्रयास यात्रियों के लिए भरोसे और सुविधा का आधार बन रहे हैं।जिलाधिकारी ने सभी यात्रियों का स्वागत करते हुए उनकी सुरक्षित और सुखद यात्रा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
