उत्तराखंड डेली न्यूज:ब्योरो
आज दिनांक 26 जून 2026 को अन्तर्राष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ऊखीमठ मनोज नेगी ने पुलिस टीम के साथ प्रसिद्ध पर्यटक ग्राम सारी में स्थानीय ग्रामवासियों के बीच एक जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी निरीक्षक मनोज नेगी द्वारा ग्रामीणों को सिंथेटिक ड्रग्स के घातक दुष्प्रभावों के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया गया। उन्होंने युवाओं और समाज पर नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों को रेखांकित करते हुए उपस्थित सभी ग्रामवासियों को जीवन में कभी भी नशा न करने की शपथ दिलाई। साथ ही प्रभारी निरीक्षक ने अपील की कि क्षेत्र में नशा तस्करी या अवैध नशे के कारोबार में लिप्त व्यक्तियों की गोपनीय सूचना तत्काल पुलिस को दें, सूचना देने वाले का नाम पूर्णतः गुप्त रखा जाएगा।
इसके अतिरिक्त पुलिस टीम द्वारा उपस्थित ग्रामीणों को वर्तमान में बढ़ रहे साइबर क्राइम के खतरों, महिला अपराधों तथा बाल अपराधों के सम्बन्ध में भी महत्वपूर्ण कानूनी जानकारी दी गई और इनसे बचाव के तरीके बताए गए।इस जन-जागरूकता कार्यक्रम में ग्राम प्रधान सारी श्रीमती अनीता नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य भरत नेगी, भूतपूर्व सरपंच मुरली सिंह नेगी, सामाजिक कार्यकर्ता भरत सिंह, सरपंच देखरेख समिति देवेंद्र नेगी, वार्ड मेंबर प्रेमा देवी, बीना देवी सहित भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। पुलिस टीम से महिला उप निरीक्षक पूजा रावत, आरक्षी विनोद और आरक्षी राकेश नेगी उपस्थित रहे।
