उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
प्रदेश में हेली सेवाओं के संचालन को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम बढ़ाया है। बदरीनाथ, केदारनाथ और देहरादून के सहस्रधारा हेलीपोर्ट पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) का निर्माण किया जाएगा। इस पर कार्य शुरू हो चुका है।उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास परिषद (यूकाडा) ने इस वर्ष के अंत तक तीनों हेलीपोर्ट पर एटीसी सुविधा विकसित करने का लक्ष्य तय किया है। इससे चारधाम यात्रा सहित नियमित हेली सेवाओं का संचालन अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और मौसम आधारित निगरानी के अनुरूप हो सकेगा।राज्य सरकार पिछले कुछ समय से हेली सेवाओं के आधुनिकीकरण पर विशेष जोर दे रही है। नए हेली रूट विकसित करने, हेलीपोर्टों का विस्तार, आधुनिक सुरक्षा उपकरण स्थापित करने और हवाई संचालन व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में कदम बढ़ाया जा रहा है।राज्य में हेली सेवाओं के लगातार विस्तार और चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ते हवाई यातायात को देखते हुए एटीसी व्यवस्था को आवश्यक माना गया है। गत वर्ष चारधाम यात्रा मार्ग पर चार हेली दुर्घटनाओं के बाद एटीसी पर विशेष फोकस किया गया। इसी क्रम में बदरीनाथ हेलीपोर्ट पर लगभग 74 लाख रुपये, केदारनाथ में 56 लाख रुपये और सहस्रधारा हेलीपोर्ट पर 5.34 करोड़ रुपये की लागत से एटीसी भवन और उससे जुड़ी आधारभूत सुविधाओं का निर्माण कराया जा रहा है।वर्तमान में इन हेलीपोर्ट व हेलीपैड पर उड़ानों का संचालन निर्धारित प्रक्रियाओं के तहत होता है, लेकिन एटीसी सुविधा विकसित होने के बाद उड़ानों के समन्वय, टेक ऑफ और लैंडिंग की निगरानी, मौसम संबंधी सूचनाओं के बेहतर प्रबंधन तथा आपात स्थिति में त्वरित निर्णय लेने में अधिक सुविधा मिलेगी।इससे विशेष रूप से चारधाम यात्रा के दौरान एक साथ संचालित होने वाली हेलीकॉप्टर सेवाएं और सुरक्षित हो सकेंगी। हाल ही में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में हुई बैठक में निदेशक नागरिक उड्डयन प्रतीक जैन ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की है।
