उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी कराना अब बेहद जरूरी हो गया है। गैस एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय तक ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को आगे चलकर घरेलू सिलेंडर के बजाय व्यावसायिक दरों पर गैस सिलेंडर लेने जैसी स्थिति का सामना करना पड़ सकता है।इसे देखते हुए एजेंसियों ने सभी उपभोक्ताओं से जल्द से जल्द अपने एलपीजी कनेक्शन का सत्यापन कराने की अपील की है। दुर्गा गैस एजेंसी के प्रोपराइटर स्नेह कौशिक ने बताया कि सभी उपभोक्ता 15 अगस्त तक शत-प्रतिशत ई-केवाईसी अवश्य करा लें।उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं ने अब तक अपने एलपीजी कनेक्शन की ई-केवाईसी नहीं कराई है, उन्हें भविष्य में गैस सिलेंडर महंगे दाम पर लेना पड़ सकता है।वहीं, बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने सत्यापन कराया, लेकिन दुर्गा गैस एजेंसी से जुड़े करीब चार हजार उपभोक्ता अब भी ई-केवाईसी नहीं करा सके हैं। ऐसे सभी उपभोक्ताओं से 15 अगस्त तक हर हाल में प्रक्रिया पूरी करने का आग्रह किया गया है।घर बैठे भी करा सकते हैं ई-केवाईसी,उपभोक्ता अपने मोबाइल फोन के माध्यम से भी घर बैठे ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इसके लिए संबंधित गैस कंपनी का आधिकारिक मोबाइल ऐप गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड करना होगा।इंडियन ऑयल के उपभोक्ता इंडियन ऑयल वन (IndianOil ONE), भारत गैस के उपभोक्ता Hello BPCL और एचपी गैस के उपभोक्ता HP Pay/HP Gas ऐप पर पंजीकृत मोबाइल नंबर से लॉगिन कर सकते हैं।इसके बाद केवाईसी या आधार सत्यापन के विकल्प में जाकर 12 अंकों का आधार नंबर दर्ज कर फेस आथेंटिकेशन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। सत्यापन सफल होने पर स्क्रीन पर पुष्टि संदेश प्रदर्शित होगा तथा मोबाइल पर एसएमएस भी प्राप्त होगा।
