उत्तराखंड डेली न्यूज:ब्योरो
विकासनगर। सेपियंस स्कूल हरबर्टपुर एवं विकासनगर में गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण एवं भगवान गणेश की वंदना से हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों ने भक्तिमय भजन, प्रेरणादायक कहानियाँ एवं अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से सभी को आध्यात्मिकता और संस्कारों से जोड़ा। छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण उत्पन्न किया। इसी क्रम में विद्यालय में हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में हिंदी सप्ताह/पखवाड़े का भी आयोजन किया गया, जिसमें कक्षा एक से कक्षा बारह तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों के लिए शब्दों की रेलगाड़ी, शब्दों की अंत्याक्षरी, कविता वाचन, भाषण प्रतियोगिता, भजन प्रतियोगिता, श्लोक प्रतियोगिता, दोहा वचन,वाद-विवाद, लघु नाटिका, नुक्कड़ नाटक तथा कवि सम्मेलन जैसी विविध गतिविधियाँ आयोजित की गईं। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा के महत्व, उसकी समृद्ध साहित्यिक विरासत तथा दैनिक जीवन में उसके प्रयोग को समझा और दूसरों तक भी उसका संदेश पहुँचाया। सभी कक्षाओं के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता एवं अभिव्यक्ति-कौशल का प्रदर्शन किया। विद्यालय प्रबंधक रविकांत सपरा, निर्देशिका सुश्री रश्मि गोयल, हरबर्टपुर प्रधानाचार्या श्रीमती गीता नेगी एवं विकासनगर प्रधानाचार्य नवीन तनेजा ने गणेश चतुर्थी तथा हिंदी दिवस के अवसर पर सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं समस्त विद्यालय परिवार को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं हिंदी भाषा के प्रति सम्मान बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विभु गोयल, विद्या जोशी, अदिति आले, पारुल, नंदी बिष्ट, सोमलती उनियाल, अश्विनी कुमार, मानसी उपस्थित रहे।
